सालाना आय: अलीगढ़ के लोगों से दोगुना कमा रहे हैं एटा वाले, इन सात कारणों से कम हुई अलीगढ़ वालों की कमाई
अलीगढ़ मंडल के जिले एटा के लोगों की आमदनी अलीगढ़ वालों से दोगुनी है। एटा के लोगों की सालाना आय 1,21343 रुपये है। यानी 10,111 रुपये महीने, लगभग 332 रुपये रोजाना।
विस्तार
ब्रज में शामिल अलीगढ़ के लोगों की आमदनी में बहुत अधिक इजाफा नहीं हुआ है। यहां एक आम आदमी की सालाना औसत आय 66238 रुपये है। यानी 5520 रुपये महीने, करीब 181 रुपये रोजाना। खास बात ये है कि अलीगढ़ मंडल के जिले एटा के लोगों की आमदनी अलीगढ़ वालों से दोगुनी है। एटा के लोगों की सालाना आय 1,21343 रुपये है। यानी 10,111 रुपये महीने, लगभग 332 रुपये रोजाना।
अलीगढ़ मंडल पर नजर डालें तो पूरे प्रदेश में एटा तीसरे, हाथरस 22वें, अलीगढ़ 33वें और कासगंज 34वें स्थान पर है। अलीगढ़ से सटे पड़ोसी जनपद नोएडा में प्रति व्यक्ति सालाना आय 6,47557, मेरठ में 1,35804 और आगरा में 1,15899 रुपये है। यह तीनों जिले प्रदेश में क्रमश: पहले दूसरे और चौथे नंबर पर हैं। मथुरा का नंबर सूबे में 38वां है। ब्रजवासियों की औसत सालाना आमदनी 63872 रुपये है। प्रभारी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी चंद्रभान चौधरी ने बताया कि प्रति व्यक्ति आमदनी की यह रिपोर्ट प्रदेश के नियोजन विभाग एवं निदेशक अर्थ एवं संख्या कार्यालय लखनऊ से हाल ही में जारी हुई है। इसका अध्ययन किया जा रहा है।
एएमयू के अर्थशास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मो.केसर आलम ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पब्लिक एक्सपेंडिचर एंड हेल्थ स्टेटस इन वेस्टर्न यूपी विषय पर शोध किया था। जिसमें अलीगढ़ में लोगों की आमदनी कम होने के सात प्रमुख कारण सामने आए। शासन-प्रशासन और उद्यमी अगर मिल कर इसका समाधान करें तो कमाई बढ़ सकती है।
कमाई कम होने के प्रमुख कारण
- शहर में पूरा रिंग रोड नहीं है, अंदरूनी सड़कें और यातायात व्यवस्था बेहद लचर होने से आवागमन में व्यवधान।
- दिल्ली, एनसीआर, आगरा सहित आसपास के शहरों में आने जाने के संसाधन कम और समय अधिक लगना।
- स्थानीय लोगों द्वारा अलीगढ़ के बाजारों में खरीदारी न कर, अक्सर दिल्ली या मेरठ से सामान खरीदना।
- तालानगरी, आईटीआई, छेरत सहित अन्य औद्योगिक स्थानों का दशकों बाद भी पूरी तरह से विकसित न होना।
- अलीगढ़ में देश विदेश की कंपनियों द्वारा बड़ा निवेश नहीं करना, छोटे उद्योग भी बेहद कम संख्या में लगे।
- स्थानीय कारीगरों द्वारा घरों में बनाए गए ताला, हार्डवेयर को कम ग्राहक मिलना, भुगतान देरी से मिलना।
- कारखानों को कुशल कारीगर और मजदूर नहीं मिलना, दूसरी ओर मजदूरों को मनमाफिक काम न मिलना।
आमदनी में प्रदेश के टॉप टेन जिले
नोएडा, मेरठ, एटा, आगरा, लखनऊ, हमीरपुर, अमरोहा, कानपुर नगर, गाजियाबाद और हापुड़ हैं।
अलीगढ़ मंडल के जिलों की स्थिति
प्रदेश में एटा तीसरे, हाथरस 22वें, अलीगढ़ 33वें और कासगंज 34वें स्थान पर।
आगरा मंडल के जिलों की स्थिति
प्रदेश में आगरा चौथे, मथुरा 38वें, फिरोजाबाद 36वें और मैनपुरी 47वें स्थान पर।
सालाना प्रति व्यक्ति आय का ब्योरा
जिला 2011-12 2021-22
नोएडा 421710 647557
मेरठ 84510 135804
एटा 67720 121343
आगरा 66757 115889
लखनऊ 73975 115455
मुरादाबाद 48534 78013
हाथरस 53192 77213
अलीगढ़ 38774 66238
कासगंज 36757 65084
मथुरा 37934 63872