सपा के पूर्व विधायक जमीरउल्लाह खान ने कहा कि सांसद साक्षी महाराज को बोलने की तमीज नहीं है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उन्होंने विवादित बयान दिया था, जो अक्षम्य है। पूर्व विधायक ने साक्षी महाराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल विवादित पोस्ट पर गुस्सा है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद चुनावी लाभ लेने के लिए पोस्ट को वायरल किया जा रहा है। पूर्व विधायक ने कहा कि सांसद साक्षी महाराज ने पिछले दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को ठोंकने (जान से मारने) की बात कही है, जो गलत है।
इसका सपा विरोध करती है। वह पुलिस कप्तान से मिलकर इस मामले में तहरीर देंगे। जमीरउल्लाह ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी चुनावी रैली के दौरान कहा था कि सीएम योगी को लैपटॉप चलाना नहीं आता है, जिस पर लगभग पांच महीने पहले उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने एक कार्यक्रम के दौरान पलटवार किया था। उन्होंने कहा अखिलेश कहते हैं कि सीएम योगी को कंप्यूटर चलाना नहीं आता, लेकिन उन्हें ठोंकना आता है। इसलिए अखिलेश यादव बचकर रहें, कहीं उनका नंबर न आ जाए। पूर्व विधायक का आरोप है कि चुनावी माहौल में जानबूझकर इस वीडियो को वायरल करके पार्टी की छवि खराब की जा रही है।