Akhilesh Yadav: पश्चिम से चली हवा, बोले अखिलेश- भाजपा के गलत मंसूबों पर लगा दो अलीगढ़ी ताला
अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगढ़ वालों से कहूंगा कि ऐसा ताला बनाओ, जो भाजपा के गलत मंसूबों पर हमेशा के लिए लग जाए। उनके गलत मंसूबे नफरत फैलाने के हैं, ये हमेशा के लिए बंद हो जाएं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व देश-प्रदेश से जुड़े मुद्दों को खूब उछाला और भाजपा सरकार से जवाब मांगा
विस्तार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 23 अप्रैल को प्रहार के साथ-साथ जवाब देने की मुद्रा में भी नजर आए। उन्होंने 22 अप्रैल को नरेंद्र मोदी के भाषण का जवाब देते हुए साफ-साफ कहा पहले चरण के मतदान में पश्चिम से जो हवा चली है। उसने ऐलान कर दिया है कि भाजपा का इस बार सफाया होने जा रहा है। ऐसे में अलीगढ़ वालों से कहूंगा कि ऐसा ताला बनाओ, जो भाजपा के गलत मंसूबों पर हमेशा के लिए लग जाए। उनके गलत मंसूबे नफरत फैलाने के हैं, ये हमेशा के लिए बंद हो जाएं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व देश-प्रदेश से जुड़े मुद्दों को खूब उछाला और भाजपा सरकार से जवाब मांगा। कहा कि यही वक्त है लोकतंत्र बचाने का।
उन्होंने कहा कि चुनाव के रुझान बाद में आते हैं। मगर दिल्ली व लखनऊ वालों के भाषणों में चुनाव के रुझान आने लगे हैं। यूपी व देश में इंडी गठबंधन की चर्चा होने लगी है। ये तो चुनाव का पहला चरण खत्म हुआ है। उसी में रुझान आने लगे हैं। भाषणों में इनकी भाषा, इस ओर इशारा कर रही है। जो लोकतंत्र को कमजोर करता है, उसका यही हाल होता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दस साल की सांसदी पर गणित बताया। कहा कि इस गणित की कोई भरपाई नहीं हो रही है। आप लोग खुद हिसाब लगा लो। उन्होंने हिसाब बताया कि प्रदेश में साठ लाख नौजवानों की परीक्षा छूटी। वे आहत हैं। उनके माता-पिता भी आहत हैं। इस तरह तीन वोट से एक करोड़ अस्सी लाख वोट हो गए। प्रदेश की अस्सी सीटों में बंटवारा कर दें तो प्रत्येक सीट पर 2.25 लाख वोट कम हो गया। यही इनकी हार का कारण बन रहा है। उन्होंने अलीगढ़ के भाईचारे का जिक्र करते हुए कहा कि अलीगढ़ ने हमेशा सौहार्द व भाईचारे का परिचय दिया है। यहां मिली जुली संस्कृति है और लोग मिलकर रहते हैं।
अलीगढ़ के जलभराव की गोरखपुर से प्रतिस्पर्धा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सुना है कि अलीगढ़ व गोरखपुर में प्रतिस्पर्धा चल रही है। बरसात में कहां ज्यादा पानी भरेगा। बताओ यहां जलभराव है या नहीं। शहर अच्छे होने चाहिए थे, मगर बर्बाद कर दिए गए। जहां गांव बर्बाद किए, वहीं शहरों की भी ऐसे ही हालत हैं। गांवों में लोगों को खेतों की रखवाली करनी पड़ती है, ये प्रदेश का हाल है।
किसान को पहुंचाई चोट, नौजवान का एक तिहाई जीवन बर्बाद
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुद्दे उछालते हुए सबसे पहले किसानों का जिक्र किया। कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को कितनी परेशानी आई है। जब से यह सरकार आई है, किसान संकट में है। शायद आजादी के बाद किसानों के सामने इतनी मुसीबतें कभी नहीं आई। जब कोरोना था, तब सब कुछ बंद था। मगर खेतों पर किसान और उसका बेटा अन्न पैदा कर रहा था। हमारे पेट भरने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था बचाई। इसके बाद भाजपा वाले धोखे से काले कानून लाए। देश के किसान दिल्ली जाकर सरकार के खिलाफ खड़े हो गए। इन्होंने कीलें लगवाईं, पुलिस लगवा दी, दीवारें खड़ीं कीं, ट्रैक्टर को डीजल नहीं भरने दिया। मगर किसानों ने परवाह नहीं की। दिल्ली जाकर खड़े रहे। हजारों शहीद हो गए। तभी लौटे, जब तीनों काले कानून वापस ले लिए गए। भाजपा सरकार में न किसानों की आय दोगुनी हुई, न उन्हें कुछ मिला। गेहूं की न लागत मिल रही और न लाभ। ये दिल्ली व लखनऊ वाले लंबे-लंबे भाषण दे रहे हैं। मगर आंकड़ा बताता है कि दस साल में गरीबी के कारण कई लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। इसका क्या जवाब है..? सरकार के पास।
इसी तरह नौ जवानों ने मेहनत, पढ़ाई व कोचिंग के बाद सरकार नौकरी के लिए परीक्षा दी। मगर पेपर लीक हो गया। यूपी में अभी तक जितनी परीक्षा हुईं। सभी के पेपर लीक हुए। पुलिस भरती में भी सरकार ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के इंतजाम कर लिए गए हैं। कोई पेपर लीक नहीं होगा। मगर नौजवान जब परीक्षा देकर लौटा तो पेपर लीक हो गया। सरकार घबरा गई कि अगर लाखों लोगों को सौ में से सौ नंबर मिल गए तो कैसे नौकरी देंगे। इस घबराहट के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई। इस तरह आपका एक तिहाई जीवन इस सरकार ने बर्बाद किया है। जीवन से खिलवाड़ का काम ये सरकार कर रही है। इनकी नीयत नहीं है नौकरी देने की। अगर नीयत नौकरी देने की होती तो अग्निपथ योजना लागू न करते। ये आधी अधूरी नौकरी है, पक्की नौकरी नहीं है। हमारा नौजवान पक्की नौकरी चाहता है। देश सेवा करना चाहता है। पक्की नौकरी करना चाहते हैं। वर्दी पहनकर सम्मान के साथ जीना चाहते हैं। मगर सरकार अग्निपथ योजना लाकर भविष्य छीनने का काम कर रही है। इंडी गठबंधन व सपा की सरकार बनेगी तो पक्की नौकरी देने का काम हमारी सरकार करेगी। किसानों व नौजवानों ने ठान लिया है तो ये सरकार नहीं बच पाएगी।
सपा अध्यक्ष ने अपनी सरकार के समय की उपलब्धियां भी गिनाईं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुद्दे उछाल कर भाजपा पर प्रहार किया और अपनी सरकार के काम गिनाए। हमने सात वर्ष पहले लैपटॉप दिए, जिस पर पीएम व बिल गेट्स चर्चा कर रहे हैं। अमेरिका में अब लैपटॉप बांटे जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने सपा सरकार में हरदुआगंज में लगे 600 मेगावाट के पावर हाउस का जिक्र किया। उम्मीद थी कि भाजपा वाले आए तो हमें धन्यवाद देंगे। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। मगर खुशी है कि इस कारखाने से यूपी को बिजली मिल रही है और युवाओं को नौकरी भी मिली।
पूर्व सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली पर सबसे ज्यादा काम किया, इन्होंने बिजली महंगी कर दी। उन्होंने पूछा कि इनके नेता कहते थे कि फ्री में बिजली देंगे, क्या मिल रही है। हमने 300 यूनिट फ्री देने का ऐलान किया। हमने गरीबों के लिए एंबुलेंस चलाई। मगर उसकी व्यवस्था खराब कर दी। सौ नंबर पुलिस के लिए वाहन दिए। अब उसी सौ नंबर को 112 नंबर कर दिया। इससे पुलिस वाले भाइयों का भी रेट बढ़ गया। भाजपा सरकार जिस तरह से अग्निपथ योजना लाई, उसी तरह सरकार दोबारा आई तो पुलिस में आउटसोर्स व्यवस्था लागू कर देगी। सपा अध्यक्ष ने नोटबंदी पर कहा कि तमाम व्यापारी नोटबंदी व जीएसटी से परेशान हैं।ओडीओपी में कोई बताए कि अलीगढ़ वालों को कोई लाभ मिला या कोई नया बड़ा कारखाना लगा। महंगाई चरम पर है।
सरकार में आने पर वादे
सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया सपा-इंडिया गठबंधन के सरकार में आने पर राशन में संपन्न लोगों की तरह पौष्टिक आटा व डाटा भी फ्री दिया जाएगा। गंगा जमुनी तहजीब की हमारी संस्कृति है। इसकी पहचान इल्म और तालीम से भी है। यहां पढ़ाई पर भी काम करेंगे। जैसे शिक्षा मित्रों की मदद की।पूर्व विधायक जफर आलम के नाम का जिक्र करते हुए बताया कि जैसे उनके कहने पर हम करके देते थे। वैसे ही आगे करेंगे। अलीगढ़ से संदेश जा रहा है। पहली बार साइकिल से सांसद दिल्ली पहुंचने वाला है। उन्होंने वोटर पर्ची का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पार्षद जिम्मेदारी से काम करें, हम उनका सम्मान करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में एएमयू सहित पढ़ाई को लेकर सरकारी विवि बनाने, हायर एजुकेशन जो भी फैसले लेने होंगे लेंगे।