Aligarh News: प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए बढ़ा निवेश का लक्ष्य, 6000 से बढ़ाकर हुआ 25000 करोड़
28 नवंबर तक अलीगढ़ में निवेश के लिए कुल 430 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें 193 निवेश प्रस्ताव प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार हो चुके हैं। प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए निवेश का लक्ष्य 6000 करोड़ से बढ़ाकर 25000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए निवेश का लक्ष्य 6000 करोड़ से बढ़ाकर 25000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। सीडीओ ने इस संबंध में सभी निवेशकों से पुनः संवाद करने के लिए कहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में 28 नवंबर को हुई बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट लखनऊ में प्राप्त निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने निवेश का लक्ष्य बढ़ाए जाने की जानकारी दी। समीक्षा में पाया गया कि 28 नवंबर तक जिले में निवेश के लिए कुल 430 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें 193 निवेश प्रस्ताव प्रथम ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार हो चुके हैं। सीडीओ ने निवेश प्रस्ताव को प्रारंभ करने में आ रही समस्याओं का समुचित निस्तारण किया जाए।
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने अवगत कराया गया कि निवेश सारथी पोर्टल पर कुल 44 निवेशकों ने भूमि की मांग की थी, जिनमें पांच निवेशकों को छोड़कर, 39 को भूमि संबंधी विकल्प उपलब्ध करा दिए गए हैं। भू-उपयोग परिवर्तन के छह मामलों में भूमि को अकृषक घोषित किया जा चुका है। ताला नगरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष नेकराम शर्मा ने बताया कि विद्युत वितरण खंड-3 द्वारा उद्यमियों को 2017 से संबंधित मांग दर्शाकर डिमांड नोटिस दिए जा रहे हैं, जबकि उद्यमियों ने भुगतान कर दिया गया है।रसीदों की छाया प्रति भी दी जा चुकी है। फिर भी इस समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता को प्रकरण का 15 दिन के अंदर उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों के 58 आवेदन पत्र समय सीमा के तहत लंबित हैं। संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि इससे संबंधित मंडल स्तरीय कार्यशाला 30 नवंबर को 11 बजे आयुक्त सभागार में होगी। इसमें निवेश मित्र पोर्टल पर आ रही समस्याओं, नए बिंदुओं एवं अन्य तकनीकी उच्चीकरण के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा, इसमें उद्यमी पोर्टल संबंधित समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, सहायक निदेशक सूचना, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड एवं अन्य समस्त विभागों से संबंधित अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तालानगरी बस स्टैंड पर 10 मिनट नहीं रुक रहीं बसें
संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार ने बताया कि ताला नगरी में स्थापित औद्योगिक इकाइयों में छह से आठ हजार मजदूर कार्य करते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष नेकराम शर्मा की बात को आगे बढ़ते हुए कहा कि तालानगरी पर बने सिटी बस अड्डे पर 10 मिनट सिटी बस के ठहराव के निर्देश हैं, लेकिन इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के पास पांच से छह बजे के बीच बसों को खड़ी करने की भी मांग की है। सिटी बस प्रबंधक ने बताया कि इस अवधि में सात बसों का संचालन होता है। यहां बने प्रत्येक चौराहे पर बसों का ठहराव होता है। यह व्यस्ततम चौराहा होने की वजह से यहां ज्यादा देर बस नहीं ठहर सकतीं।
यूपीएसआईडीसी और अमर उजाला चौराहे पर लगेंगी स्ट्रीट लाइट
ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र के यूपी स्टेट इंडस्ट्रीयल डेवलेपमेंट कार्पोरेशन (यूपीएसआईडीसी) और अमर उजाला चौराहा पर विकास प्राधिकरण द्वारा ट्रैफिक लाइट लगवाने का निर्णय लिया गया। यह दोनों व्यस्त चौराहे हैं।
प्लॉट आवंटित किए जाने के बाद भी नहीं बना दमकल स्टेशन
ताला नगरी में यूपीएसआईडीसी के दमकल विभाग को निशुल्क प्लॉट आवंटित किए जाने के बाद भी स्टेशन और कार्यालय नहीं बना है, जिसपर उद्यमियों ने रोष जताया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के इस संबंध में अग्निशमन विभाग को पत्राचार न करने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उद्यमी चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि यह मामला 30 से 35 वर्ष से लंबित है, परंतु कोई जिम्मेदारी नहीं उठा रहा है।