बिजली विभाग को भारी नुकसान: आंधी-बारिश से 1400 पोल गिरे, 54 ट्रांसफार्मर फुंके, 205 गांव अंधेरे में
अलीगढ़ जिले में आंधी के कारण कुल 1400 बिजली के खंभे गिर गए और 54 ट्रांसफार्मर फुंक गए। इसके अलावा, लगभग 24 किलोमीटर बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बिजली विभाग ने माना है कि दो करोड़ दस लाख का नुकसान हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में 21 मई को रात नौ बजे बरसात के बीच 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी ने बिजली व्यवस्था को तो पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया था। जिले भर में बिजली के 1400 पोल गिर गए और 54 ट्रांसफार्मर फुंक गए। हालांकि शहरी क्षेत्र में तो 22 मई की दोपहर को दो बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई थी लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी 205 गांव अंधेरे में हैं। बिजली विभाग ने भी दो करोड़ दस लाख का नुकसान माना है।
21 मई की रात को गूलर रोड, बारहद्वारी, सारसौल, सासनीगेट, डी सेंटर, सुदामापुरी, हाथरस अड्डा बिजली घर ठप हो गए थे। इनसे जुड़े इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रही। सुबह को प्रभावित इलाकों में पानी का भी संकट रहा। शुद्ध पानी के लिए भी लोग हैंडपंप पर निर्भर रहे। रात में जो लाइन ठीक कर ली गई थी वह भी दिन में ट्रिप होती रही। इससे भी बिजली का संकट बना रहा।
जिले भर में नुकसान का आकलन
पूरे जिले में आंधी के कारण कुल 1400 बिजली के खंभे गिर गए और 54 ट्रांसफार्मर फुंक गए। इसके अलावा, लगभग 24 किलोमीटर बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मंडलवार क्षति का विवरण
- क्षति: 50 लाख रुपये
- नुकसान: 100 पोल गिरे, 2 ट्रांसफार्मर फुंके, 3 किलोमीटर लाइन क्षतिग्रस्त।
विद्युत वितरण मंडल ग्रामीण प्रथम
- क्षति: 91.90 लाख रुपये
- नुकसान: 81 एसटी (स्वेज्ड ट्यूबलर) पोल और 677 पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) पोल गिरे, 43 ट्रांसफार्मर फुंके।
विद्युत वितरण मंडल ग्रामीण द्वितीय
- क्षति: 70 लाख रुपये
- इगालस: 380 पोल गिरे, 3 ट्रांसफार्मर फुंके, 3.5 किलोमीटर लाइन क्षतिग्रस्त।
- अकराबाद: 160 पोल गिरे, 2 ट्रांसफार्मर फुंके, 3 किलोमीटर लाइन क्षतिग्रस्त।
- खैर: 120 पोल गिरे, 5 ट्रांसफार्मर फुंके, 4 किलोमीटर लाइन क्षतिग्रस्त।
- इनके अलावा, अतरौली, छर्रा, गभाना, टप्पल, बरौली, जवां आदि क्षेत्रों में भी भारी संख्या में पोल गिरे हैं, ट्रांसफार्मर फुंके हैं और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रशासन भी करा रहा क्षति का आकलन
एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि आंधी के चलते हुई दो मौत में एक का पोस्टमार्टम हुआ है। परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा जिले में 14 स्थानों पर मकानों की छत गिरी है। क्षति के आकलन के लिए लेखपालों की टीम गठित कर दी है। इनकी रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिले में 14 मकानों को हुआ नुकसान
आंधी बरसात से जिले में 14 मकानों को नुकसान हुआ है। इनमें 4 मकानों को शहर में नुकसान पहुंचा है जबकि 10 ग्रामीण क्षेत्रों में। इनमें किसी की दीवार गिरी है तो किसी की छत गिर गई। कहीं टिनशेड उड़ गए हैं।