फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Gehrban will remove Modi-Yogi from the throne: Mashkoor

गिरेबान पकड़ मोदी-योगी को उतार देंगे गद्दी से: मशकूर

Wed, 09 May 2018 02:28 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़। Updated Wed, 09 May 2018 02:28 AM IST
विज्ञापन
Gehrban will remove Modi-Yogi from the throne: Mashkoor
एएमयू बाब-ए-सैयद से जिलाधिकारी आवास के लिए मानव श्रृंखला बनाकर मार्च निकालती एएमयू छात्रों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला
अपने आवाज को बुलंदी से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एएमयू के छात्र-छात्रा जेएनयू की राह पर चल पड़े हैं। अपनी मांगें मनवाने के लिए हजारों छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक मानव श्रृंखला बनाकर पुलिस-प्रशासन एवं इंतजामिया के होश उड़ा दिए। इस दौरान उन्होंने ‘हमें चाहिए आजादी’ वाले नारे भी लगाए। छात्र- छात्राओं की भारी भीड़ देखकर उत्साहित छात्र संघ अध्यक्ष मशकूर अहमद ने तो यहां तक कह दिया कि आरएसएस सोच वाले मोदी-योगी को गिरेबान पकड़कर गद्दी से उतार देंगे।
विज्ञापन


दोपहर में एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी, उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर एवं सचिव मो. फहद ने एएमयू से जिलाधिकारी आवास तक मानव श्रृंखला बनाने का एलान कर पुलिस एवं एएमयू प्रशासन को टेंशन में डाल दिया था। इसकी भनक लगने के बाद से ही एएमयू कैंपस के पास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी। छात्रों ने शिक्षकों को भी मानव श्रृंखला में जोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह दूर रहे । शाम चार बजे से ही बाब-ए-सैयद के पास छात्र जुटने लगे। वीमेंस कॉलेज एवं हॉलों से काफी संख्या में छात्राएं पहुंचने लगी। चुंगी गेट (अनूपशहर रोड) से बाब-ए-सैयद, डक प्वाइंट से जेएन मेडिकल कॉलेज तक छात्र-छात्रा मानव श्रृंखला बना चुके थे।
विज्ञापन


जब बाब-ए-सैयद से छात्र आगे बढ़े तो भीड़ देखकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगे। कुछ लोग तो यह भी आशंका जताने लगे कि छात्र-छात्रा जबरन कैंपस से बाहर निकले तो पुलिस-फोर्स को बल प्रयोग करना पड़ सकता है। कुछ युवकों ने बैरीकेडिंग तोड़कर प्रशासनिक ब्लाक से आगे बढ़ने का प्रयास किया लेकिन छात्र, शिक्षक एवं प्रॉक्टोरियल टीम के कर्मचारियों ने किसी तरह रोक कर स्थिति को बेकाबू होने से रोकने में सफल रहे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के संयमित व्यवहार, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र नेताओं की कोशिशों के कारण संभावित खतरा टल गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


एएमयू वीसी तारिक मंसूर एवं शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद की अपील भी काम आयी। एएमयू के छात्र नेता कुंवर मोहम्मद ने बताया कि हम लोगों की मांग एएमयू कैंपस में आकर उपद्रव करने वाले लोगों की गिरफ्तारी, लाठीचार्ज का आदेश देने वाले पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई एवं लाठीचार्ज की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज से कराने की हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने कहा कि एक कॉल पर हजारों छात्र-छात्रा मानव श्रृंखला में शामिल हुए। शहर मुफ्ती की अपील पर हम लोगों ने जिलाधिकारी आवास तक जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। वे हमारे लिए सम्मानीय हैं, इसलिए उनकी बात को माना। एएमयू छात्र संघ के सचिव मो. फहद ने कहा कि कैंपस से बाहर जाने पर असामाजिक तत्व माहौल खराब कर सकते थे। इसलिए हम लोगों ने कैंपस में ही मानव श्रृंखला का आयोजन किया। मौजूदा सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों को टारगेट किया जा रहा है। हम लोगों का विरोध इसके खिलाफ भी था।  

राजनीति से प्रेरित हैं छात्रसंघ अध्यक्ष, होंगे जिम्मेदार: एसएसपी
एसएसपी अजय कुमार साहनी का कहना है कि एएमयू में चल रहे घटनाक्रम के तहत अपने भाषणों में एएमयू छात्रसंघ अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का नाम लेकर यह साबित कर दिया है कि यह राजनीति से प्रेरित होकर किया जा रहा है। उनकी इस राजनीति के कारण पढ़ने वाले छात्रों का समय बर्बाद हो रहा है। अब अगर कानून- व्यवस्था बिगड़ेगी तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर छात्रसंघ अध्यक्ष पर तय होगी। परीक्षा देने व क्लास लेने आ रहे किसी छात्र, कर्मचारियों, पुलिस अथवा आम व्यक्ति के साथ कोई अप्रिय घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी भी छात्रसंघ अध्यक्ष पर होगी। शहर में धारा 144 लागू है। किसी कीमत पर कानून नहीं बिगड़ने दिया जाएगा। मंगलवार शाम को हुए घटनाक्रम के वीडियो फुटेज दिखवाए जा रहे हैं। वैसे छात्र प्रशासनिक ब्लाक से से आगे नहीं आए हैं। अगर आते तो धारा 144 के उल्लंघन के तहत कार्रवाई होती। शहर भर में फोर्स तैनात है, किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

आठ बजे तक प्रशासनिक ब्लाक के पास जमे रहे छात्र
एएमयू छात्र संघ के नेताओं ने मानव श्रृंखला बनाने का समय 5 बजे निर्धारित किया था लेकिन इसकी तैयारी में अधिक समय लग गए। छात्र प्रशासनिक ब्लाक के सामने 6.30 बजे के बाद पहुंचे। 7 बजकर 5 मिनट पर जब सर्किल एवं प्रशासनिक ब्लाक के पास लगे लैंप पोस्ट जले, उस समय तक छात्र पहुंचते रहे। करीब 8 बजे तक छात्र प्रशासनिक ब्लाक के पास जमे रहे। उसके बाद छात्र बाब-ए-सैयद की ओर चले गए जबकि छात्राएं वीमेंस कॉलेज कैंपस की ओर लौट गयी।

आज 21 वीं सदी के रावण का पुतला दहन करेंगे छात्र
एएमयू छात्र आज 21 वीं सदी के रावण का पुतला दहन करेंगे। दस सिर अलग-अलग लोगों का हो सकता है। छात्र नेताओं ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि रावण के सिर के स्थान पर किसका-किसका सिर लगाया जाएगा। एएमयू छात्र संघ के सचिव मो. फहद ने बताया कि जैसे राम ने रावण का दहन किया, वैसे ही हम लोग 21 वीं सदी के रावण का पुतला दहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला कार्यक्रम में जेएनयू, डीयू आदि के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

छात्र कर रहे थे रिकार्डिंग 
मानव श्रृंखला के दौरान एएमयू छात्र भी वहां के नजारों की रिकार्डिंग कर रहे थे। युवक बाब-ए-सैयद, चुंगी से लेकर जिलाधिकारी आवास तक टहलते नजर आए। कई तो रिकार्डिंग ऑन कर घूम रहे थे और सामने तथा आस-पास के नजारे को रिकार्ड कर रहे थे। 


चुन-चुन कर होगी कठोरतम कार्रवाई : डीएम
 जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा है कि एएमयू प्रकरण में जिन जिन लोगों ने बवाल मचाया है उन सभी के खिलाफ कठोर से कठोरतम कार्रवाई होगी। एक-एक घटना की रिकार्डिंग, जांच में मिल रहे साक्ष्य के आधार पर कड़ी से कड़ी धाराओं में मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे। उपद्रवी आने वाले कई साल तक अपनी करनी का फल भुगतेंगे। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले चैन से नहीं रह पाएंगे। फेसबुक, व्हाटस एप पर एएमयू प्रकरण को लेकर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले भी कार्यवाही की जद में आएंगे। जिलाधिकारी ने कहा है कि 2 से 8 मई तक जो भी विवाद हुआ है उससे प्रशासन सख्त होने पर मजबूर हुआ है। कानून व्यवस्था में खलल बर्दाश्त नहीं होगा। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed