मडराक क्षेत्र के गांव बढ़ौली फतेह खां के पांच वर्षीय बच्चे के अपहरण में जेल भेजे गए पांचों आरोपियों के परिजनों ने अपने परिवार के आरोपी सदस्यों का तिरस्कार कर दिया है। साफ कहा है कि वे बच्चे के परिवार के साथ हैं, पुलिस उन्हें सजा दिलवाए। इधर, इस मामले में पुलिस चार्जशीट तैयार करने में जुटी है और प्रयास है कि आने वाले 15 से 20 दिन में चार्जशीट दायर कर दी जाए।
घटनाक्रम सोमवार दोपहर का है जब कारपेंटर राजेश का बेटा मनी स्कूल से लौटकर गांव के पार्क में खेल रहा था। तभी उसे अगवा किया गया। बाद में आरोपियों ने परिवार से डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस मामले में खबर पर हरकत में आई पुलिस ने पांच घंटे के ही प्रयास में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चा सकुशल बरामद किया गया।
इस मामले में पकड़े गए लोगों की पहचान गांव के ही चमन, उसके साथी अखिलेश निवासी दौलरा निरपाल, आकाश, गुड्डू व सचिननिवासी खेडिया ख्वाजा बुद्धा के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार को पांचों जेल भेज दिए। इनकी जांच में उजागर हुआ कि अखिलेश ने इस गैंग के लिए हथियार मुहैया कराए थे।
निजी बाइकों का प्रयोग किया था। साथ में यह भी उजागर हुआ कि अखिलेश व चमन की आपस में बातचीत थी, जबकि चमन की बच्चे के परिवार से बातचीत थी। इसी लिंक के आधार पर पुलिस जांच में आगे बढ़ी थी। सीओ इगलास राघवेंद्र सिंह के अनुसार मामले में चार्जशीट तैयार की जा रही है। जल्द उसे दाखिल किया जाएगा।