एएमयू में फायरिंग के आरोपी से मुठभेड़: पैर में लगी गोली, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर स्वाट-सर्विलांस टीम रात को उसके पीछे लगी। इसी बीच सिविल लाइंस पुलिस भी बुला ली गई और एएमयू वाइल्ड लाइफ साइंस विभाग की बाउंड्री गेट के पास उसे घेर लिया गया। इस दौरान मुठभेड़ में दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसी दौरान पैर में गोली लगने से राशिद जख्मी हो गया।
विस्तार
एएमयू कैंपस में फायरिंग की कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद से फरार 25 हजार का इनामी राशिद जख्मी 28 अप्रैल रात को दबोच लिया गया। वह मुठभेड़ में घेराबंदी के दौरान पकड़ा गया। इस दौरान पैर में गोली लगने से वह जख्मी हुआ है। फिलहाल मेडिकल परीक्षण व उपचार के बाद उसे जेल में दाखिल किया गया है।
एएमयू में सेंट्रल कैंटीन पर पिछले वर्ष छात्र गुटों में झगड़े के दौरान गोली चलाने, उससे पहले मेडिकल कॉलेज में कैंटीन संचालक से रंगदारी मांगने के लिए फायरिंग करने। पिछले दिनों मेडिकल छात्रा को गोली मारने की घटना में मूल रूप से चंपारन बिहार चनपटिया मिडिल स्कूल के सामने निवासी राशिद अली उर्फ राशिद जख्मी फरार चल रहा था। सेंट्रल कैंटीन की घटना में जिला पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वह एएमयू का छात्र रहा या नहीं, ये अभी साफ नहीं हुआ है। मगर कुछ छात्रों के संरक्षण में कभी आरएम हॉल और कभी सुलेमान हाल में शरण पाता रहा है। इन्हीं घटनाओं में पुलिस उसे तलाश रही थी।
मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस की मदद से स्वाट-सर्विलांस टीम रात उसके पीछे लगी। इसी बीच सिविल लाइंस पुलिस भी बुला ली गई और एएमयू वाइल्ड लाइफ साइंस विभाग की बाउंड्री गेट के पास उसे घेर लिया गया। इस दौरान मुठभेड़ में दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसी दौरान पैर में गोली लगने से राशिद जख्मी हो गया। आनन फानन उसे अस्पताल ले जाया गया। मौके से उससे तमंचा, कारतूस के अलावा एक बाइक बिना नंबर प्लेट बरामद हुई।
मेडिकल उपचार व परीक्षण आदि के बाद दोपहर में उसे रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजीव कुमार, सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव व स्वाट प्रभारी इंस्पेक्टर बीडी पांडेय व उनकी टीम का सहयोग रहा।
प्रॉक्टर कार्यालय पर हुए कांड से सक्रिय
सिविल लाइंस पुलिस रिकार्ड के अनुसार राशिद जख्मी पर कुल आठ मुकदमे सिविल लाइंस में दर्ज हैं। सबसे पहले तीन मुकदमे वर्ष 2016 में प्रॉक्टर कार्यालय पर हुए उपद्रव व कैंपस में आगजनी आदि से जुड़े हैं। उन तीन मुकदमों के बाद 2019 में सीएए-एनआरसी विरोधी उपद्रव के मुकदमे में भी उसका नाम शामिल है। फिर लगातार तीन मुकदमे 2023 में सेंट्रल कैंटीन पर छात्र गुट पर फायरिंग, मेडिकल कैंटीन संचालक पर रंगदारी मांगने पर फायरिंग व तीसरा मेडिकल छात्रा को लाइब्रेरी के बाहर गोली लगने की घटना के हैं।
रात आठवां मुकदमा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारी का हुआ है। उसके विषय में अभी पूर्व में छात्र रहने या न रहने के विषय में जानकारी नहीं हो पाई है। मगर इतना जरूर है कि वह एएमयू छात्र नेताओं के साथ ही कैंपस में सक्रिय रहता है। कैंपस के ही हॉस्टलों में रहता है। इन घटनाओं में नाम आने के बाद भी कैंपस में ही था। इनाम घोषित होने के चलते पुलिस उसे तलाश रही थी। इसी बीच रात गिरफ्तारी की गई है।
एएमयू में फायरिंग की तीन घटनाओं में वांछित बिहार निवासी राशिद जख्मी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पैर में गोली लगने से जख्मी हुआ है। उस पर सेंट्रल कैंटीन पर फायरिंग के मुकदमे में इनाम था। बाकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।-अमृत जैन, सीओ तृतीय/एएसपी।