परिवार की इज्जत के लिए ली छोटी बहन की जान: नींद की गोली खिलाकर किया बेहोश, दुपट्टे से घोंटा गला, आरोपी अरेस्ट
अलीगढ़ के निधिवन कॉलोनी में बड़ी बहन ने अपनी छोटी बहन को पहले नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश किया, फिर मध्य रात्रि में दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप पड़ोसी युवक पर लगा दिया, पर पुलिस ने चार घंटे में खुलासा कर बड़ी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के क्वार्सी क्षेत्र में बाईपास इलाके की निधिवन कॉलोनी में 25 मई मध्य रात्रि बड़ी बहन ने छोटी बहन की हत्या कर दी और पड़ोसी युवक पर लगा दिया। पुलिस ने चार घंटे में ही घटना का खुलासा आरोपी बड़ी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में छोटी बहन के चाल-चलन और नशे की आदत से हो रही परिवार की बदनामी को हत्या के पीछे वजह बताया है।
घटनाक्रम के अनुसार बाईपास स्थित कावेरी वाटिका रोड की निधिवन कालोनी में ऑटो चालक परिवार रहता है। घर में ऑटो चालक के साथ-साथ पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। इन दिनों ऑटो चालक की सास भी यहीं रह रही हैं। ऑटो चालक के दो मकान हैं। एक मकान काबेरी वाटिका रोड पर ही है और दूसरा करीब दो सौ मीटर दूरी पर गली में अंदर है। रोड साइड मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में नानी तीनों बेटियों के साथ सोती हैं, ऑटो चालक, पत्नी व बेटा गली वाले मकान में सोते हैं।
26 मई तड़के साढ़े चार बजे पुलिस कंट्रोल रूम को ऑटो चालक की 16 वर्षीय मझली बेटी की हत्या की सूचना परिवार की ओर से दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को बताया कि पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक घर के बगल के कबाड़ गोदाम के सहारे से छत पर आया और सोते समय मझली बेटी की गला दबाकर हत्या कर चला गया। चार बजे जब छोटी बेटी की अचानक नींद खुली और उसने मझली बहन को मृत अवस्था में देखा तो शोर मचाया। खबर पर माता-पिता आ गए और पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस भी उसी युवक को ध्यान में रखकर जांच करने लगी।
मगर कुछ घंटे की जांच में पुलिस को कहानी में झोल नजर आया। जब परिवार के सदस्यों को रडार पर लिया गया, तो कुछ ही देर में भेद खुल गया। ऑटो चालक की 18 वर्षीय बड़ी बेटी द्वारा हत्या किया जाना उजागर हुआ। उसने पुलिस पूछताछ में स्वीकारा कि मझली बहन का चाल-चलन ठीक नहीं था। उसकी संगत भी गलत थी। वह नशे की आदि हो गई थी। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं मानी। इससे परिवार की इज्जत पर बात आ रही थी। इसी से दुखी होकर उसने सोने से पहले उसे कोल्डड्रिंक में नींद की गोलियां दीं और मध्य रात्रि में दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वह दुपट्टा व नींद की गोलियां भी बरामद कीं। हत्यारोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
निधिवन कालोनी में हुई किशोरी की हत्या में चार घंटे की जांच के बाद उसकी बड़ी बहन की भूमिका संदिग्ध नजर आई। जब उसे थाने लाकर पूछताछ हुई तो वह टूट गई और उसने हत्या करना स्वीकारा। इसी आधार पर उसे मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।-अमृत जैन, सीओ तृतीय/एएसपी