मांची पर हमले के आरोपी ने फांसी लगाकर जान दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महानगर के पूर्व डिप्टी मेयर मुकेश उपाध्याय मांची पर हुए प्राणघातक हमले के आरोपी डिंपल ने बृहस्पतिवार दोपहर घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि खबर पर परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। मगर डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजन कुछ स्पष्ट नहीं कर रहे। कह रहे हैं कि वह किसी बीमारी से तंग था। मगर इलाके में चर्चा किसी घरेलू कलह की है।
गांधीपार्क के गांधीनगर की पटवारी गली निवासी शिवदयाल का 30 वर्षीय पुत्र डिंपल आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा था। वर्ष 2009 में पूर्व डिप्टी मेयर व भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय मांची पर सासनी गेट चौराहे पर हुए प्राणघातक हमले में भी वह आरोपी था। मौके पर पुलिस ने उसकी बाइक बरामद की थी। इसके बाद महेंद्र नगर में डीजे पर डांस करते समय एक किशोरी को गोली मारकर हत्या के आरोप में भी वह जेल गया।
अब पिछले कुछ समय वह वह टैंपो चला रहा था। पारिवारिक दबाव में शादी भी हो गई और उस पर एक बेटा भी था। पिछले कुछ समय से वह तनाव में जी रहा था। साथियों व इलाके के लोगों के अनुसार उसका स्वभाव भी कुछ चिड़चिड़ा सा हो गया था। वाकया बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे का है, जब वह घर में ही था और उसने परिजनों के काम में व्यस्त होने के दौरान खुद को फांसी लगा ली।
जब परिजनों की नजर गई तो चीख-पुकार पर आनन-फानन उसे एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। मगर वहां उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ गांधीपार्क के अनुसार परिजन बीमारी से परेशान होने के कारण आत्महत्या करने की बात बता रहे हैं। यही तथ्य परिजनों की ओर से लिखित में दिया गया है।