Aligarh: आज से रामघाट रोड पर निर्माण बंद, मीट-शराब की दुकानें रहेंगी सील, कांवड़ यात्रा मार्ग रहेंगे चकाचक
महाशिवरात्रि पर कांवड़िया रामघाट रोड से निकलते हैं। महाशिवरात्रि तक रोड पर चल रहा निर्माण कार्य बंद रहेगा। कांवड़ यात्रा मार्गों और मंदिरों के आसपास शराब व मीट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस बल के साथ एनएसएस, एनसीसी और सिविल डिफेंस के वालिंटियर्स तैनात रहेंगे।
विस्तार
महाशिवरात्रि को ध्यान में रखते हुए अलीगढ़ के रामघाट रोड पर चल रहा नाला और सड़क निर्माण 6 फरवरी से बंद कर दिया गया है। अब यह कार्य महाशिवरात्रि के बाद फिर से शुरू होगा।
5 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम संजीव रंजन और एसएसपी नीरज जादौन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका खींचा गया। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि रामघाट-कल्याण मार्ग सहित शहर के सभी मुख्य मार्गों को अतिक्रमण और गड्ढा मुक्त किया जाए। विशेष रूप से जिले के एकमात्र गंगा घाट सांकरा पर सुरक्षा और प्रकाश के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में तय किया गया कि कांवड़ यात्रा मार्गों और मंदिरों के आसपास शराब व मीट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। साधु आश्रम के पास चल रहे चौड़ीकरण कार्य स्थल पर पूर्ण बैरिकेडिंग और रेडियम साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और निजी एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग शिविरों में भोजन की गुणवत्ता की जांच करेगा।
ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस व्यवस्था
एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि कांवड़ियों के भारी दबाव को देखते हुए रामघाट-कल्याण मार्ग पर विशेष नजर रहेगी। यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस बल के साथ एनएसएस, एनसीसी और सिविल डिफेंस के वालिंटियर्स तैनात रहेंगे। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुरूप रखने और कांवड़ियों को निर्धारित रूट पर ही चलने की अपील की गई है। शिविर संचालकों को सीसीटीवी और फायर सेफ्टी उपकरण लगाने को कहा गया है।
मंदिर कमेटियों ने रखी समस्याएं, डीएम ने दिए समाधान के निर्देश
बैठक में खेरेश्वर और अचलेश्वर मंदिर समेत अन्य कमेटियों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जयगंज और मदनगढ़ी क्षेत्र में ढीले विद्युत तारों, मंदिरों के बाहर जलभराव और पेयजल की समस्या पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के आदेश दिए।