प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के सीतापुर में हिरासत के दौरान झाड़ू लगाए जाने के संबंध में की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेसी आक्रोश में हैं । शुक्रवार को कांग्रेसियों ने दीनदयाल अस्पताल सहित जिले के कस्बा में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में झाड़ू लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
दीनदयाल संयुक्त अस्पताल में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ठाकुर संतोष कुमार सिंह जादौन एडवोकेट के नेतृत्व में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान वरिष्ठ नेता विनोद पांडे ने कहा कि प्रियंका गांधी के संबंध में सरकार के जिम्मेदार पद पर बैठे हुए पदाधिकारी के द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी शोभा नहीं देती। इसके अलावा जो पार्टी बेटी बचाओ और बेटियों के पढ़ाने के साथ उनके सम्मान की भी बात कहती है उसके नेता के द्वारा टिप्पणी करना और भी निंदनीय है। इस अवसर पर एमएल पापा, डॉ. शेर पाल सिंह सविता, सागर सिंह तोमर, डॉ. बृजराज सिंह राणा, मुनीश अहमद, सुषमा शर्मा आदि मौजूद थे। ब्यूरो