ये है महफूज नगर का हाल: जुगाड़ की बिजली, फैला तारों का जाल, बांस-बल्ली के सहारे लटक रहे तार
बारिश के मौसम में तारों में शॉर्ट-सर्किट होना आम बात है। पिछले तीन वर्षों में कम से कम पांच ऐसी घटनाएं हुई है, जहां लटकते तारों के कारण लोग झुलसे हैं या संपत्ति का नुकसान हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ के महफूज नगर में 30 हजार जिंदगियों पर खतरा मंडरा रहा है। यहां जमीन से चार फीट की ऊंचाई पर बांस-बल्ली के सहारे बिजली के तार लटके हुए हैं। 30 हजार की आबादी वाले इस इलाके की बिजली आपूर्ति महज 50 खंभों पर टिकी है। अन्य खंभों की कमी बांस, बल्ली पर तारों को लटका कर पूरा किया गया है।
वार्ड संख्या 35 महफूज नगर शहर के बाहरी इलाके में बसा एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां की गलियां इतनी संकरी हैं कि बिजली के तार घरों की दीवारों से सटकर गुजरते हैं। एक-एक खंभे से 40 से 50 केबल निकलकर गलियों में फैले हुए हैं। कई जगहों पर तार जमीन को छू रहे हैं। बिजली विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि तीन साल से शिकायत के बावजूद इसे सही नहीं कराया गया है।
बारिश के मौसम में तारों में शॉर्ट-सर्किट होना आम बात है। पिछले तीन वर्षों में कम से कम पांच ऐसी घटनाएं हुई है, जहां लटकते तारों के कारण लोग झुलसे हैं या संपत्ति का नुकसान हुआ। आसमां ने बताया कि हमने कई बार शिकायत की, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं।
बच्चों को खेलने के लिए बाहर निकालना भी डरावना हो गया है। तार इतने नीचे हैं कि कोई भी हादसा हो सकता है। - शरीफ खान
पिछले साल ही एक बच्चा तार में सटकर झुलस गया था। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग ने समस्या का हल नहीं किया। - अनबरी बेगम
इस लचर व्यवस्था का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। हादसे से बचने के लिए केबलों को घरों की दीवारों पर गटर डालकर बिछा दिया है। - राशिद
कई स्थानों पर बिजली के खंभों में ऊपर से लेकर नीचे तक तार लिपटे हुए हैं। आए दिन बच्चों को लेकर डर बना रहता है। - नफीसा बेगम
मोहल्ले में बिजली के तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। एक-एक खंभे से 40 से 50 तार जा रहे हैं। 60 से 80 मीटर लंबी दूरी तक जा रहे यह तार-जगह-जगह जमीन को छू रहे हैं। इसको लेकर बिजली घर और अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। - विनीत यादव, पार्षद, वार्ड संख्या 35 महफूजनगर
महफूज नगर में तारों का मकड़जाल फैलने की जानकारी नहीं है। जेई और एसडीओ को भेज कर इसकी जांच कराई जाएगी। इसे जल्द ही सही कराया जाएगा। - मो. इमरान, प्रभारी अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल नगरीय
खंभे से दूरी ज्यादा होने पर नहीं दिया कनेक्शन
मोहल्ले के काले खां और रहीम ने बताया कि बिजली कनेक्शन के लिए बिजलीघर पर गया, लेकिन जेई ने कनेक्शन के लिए मना कर दिया। यहां कहा गया कि 35 हजार रुपये खर्च करोगे तब कनेक्शन मिलेगा। ऐसे में बिना बिजली कनेक्शन के रहने को मजबूर हैं।
इस पर अधिशासी अभियंता राहुल कटियार ने बताया कि बिजली विभाग के नियम के अनुसार खंभे से 40 मीटर की दूरी तक के मकान में कनेक्शन दिया जा सकता है। इसके अतिरिक्त दूरी पर कनेक्शन के लिए खंभा और तार लगाना पड़ता है। इसके लिए विभाग एस्टीमेट तैयार करता है। इसे जमा करने के बाद ही उपभोक्ता को कनेक्शन दिया जाता है। लोग एस्टीमेट जमा नहीं कराते इसलिए मोहल्ले में खंभा नहीं लग सका। इस कारण तारों का मकड़जाल फैला हुआ है।