मजाक-मजाक में गई जान: कंप्रेशर से मजदूर के शरीर में भरी हवा, तबीयत बिगड़ी, हुई मौत, मुकदमा दर्ज
नाइट शिफ्ट में वीरपाल ड्यूटी पर गया था। सुबह परिवार को खबर मिली कि वीरपाल की तबीयत बिगड़ गई है। वीरपाल का शरीर बुरी तरह फूला हुआ था। पहले सारसौल के अस्पताल, फिर वहां से क्वार्सी के एक अस्पताल और बाद में दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। देर शाम वीरपाल को मृत घोषित कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोधा थाना क्षेत्र में एक पॉलीट्यूब (पाइप) फैक्टरी मजदूर की शरीर में हवा भरने से जान चली गई। 10 अगस्त को साथी मजदूरों के आपसी मजाक में मजदूर के कंप्रेशर से हवा भरने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। हालांकि घटना का सच क्या है? इसे लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है। मगर साथी मजदूर, फैक्टरी स्वामी आदि पर लापरवाही का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, मौखिक तौर पर साथी पर हवा भरने का आरोप लगा है।
मूल रूप से केशोपुर जौफरी निवासी 33 वर्षीय वीरपाल सिंह पुत्र राजपाल शहर के बन्नादेवी के एलमपुर गड़िया में रहता था। वह क्षेत्र की बरौठ छजमल स्थित कोणार्क पाइप फैक्टरी में मजदूरी करता था। 9 अगस्त नाइट शिफ्ट में वीरपाल ड्यूटी पर गया। सुबह परिवार को खबर मिली कि वीरपाल की तबीयत बिगड़ गई है। वीरपाल का शरीर बुरी तरह फूला हुआ था। पहले सारसौल के अस्पताल, फिर वहां से क्वार्सी के एक अस्पताल और बाद में दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। देर शाम वीरपाल को मृत घोषित कर दिया गया।
इधर, पोस्टमार्टम में मौत का कारण शरीर में हवा भरना आया है। वीरपाल के पिता की ओर से साथी कर्मचारी जीतू, फैक्टरी स्वामी व अन्य वर्कर पर जानबूझकर की गई लापरवाही से दुर्घटना होने व वीरपाल की मौत होने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ गभाना रंजन शर्मा के अनुसार, सुबह की शिफ्ट खत्म होने पर कपड़े बदलते समय किसी तरह वीरपाल के शरीर में हवा कंप्रेशर से हवा भर गई, जिससे उसकी मौत हुई है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
मजाक की बात आ रही सामने
अधिकारिक तौर पर या किसी प्रत्यक्षदर्शी के न मिलने के कारण अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है कि मजदूर के शरीर में हवा कैसे भरी। मगर फैक्टरी से जो जानकारी छनकर आई है, उसके अनुसार दो कर्मचारियों के बीच मजाक में यह हादसा होना बताया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही कुछ कहने की स्थिति में है। वीरपाल के भाई राकेश का भी आरोप है कि साथी कर्मचारी ने भाई के कंप्रेशर से हवा भरी है। ऐसी जानकारी उन्हें कुछ कर्मचारियों के जरिये मिली है। राकेश ने मीडिया व पुलिस के समक्ष यह आरोप लगाया है कि साथी ने जानबूझकर ऐसा किया है।
परिवार में मचा कोहराम
वीरपाल परिवार में खुद कमाने वाला था। कम उम्र में उसकी मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार पिता, भाइयों के अलावा पत्नी, तीन बेटे व एक बेटी को बिलखता छोड़ गया है।
मामले में आरोपों का ध्यान रखा जा रहा है। मौत हवा भरने से ही हुई है। अब हवा कैसे भरी गई, जिसके लिए मुकदमे में नामजद जीतू को तलाश किया जा रहा है। साथ ही 12 अगस्त को फैक्टरी के सीसीटीवी भी देखे जाएंगे। जिससे घटना का सच सामने आ सकेगा। फिलहाल परिवार की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। - मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी।