{"_id":"6493533edc8af661b40aa387","slug":"childs-death-after-falling-in-the-drain-commotion-aligarh-news-c-2-ali1009-147809-2023-06-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: खुले नाले ने बुझाया घर का चिराग, नाले में गिरकर बच्चे की मौत, हुआ हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: खुले नाले ने बुझाया घर का चिराग, नाले में गिरकर बच्चे की मौत, हुआ हंगामा
Thu, 22 Jun 2023 01:15 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 22 Jun 2023 01:15 AM IST
विज्ञापन
सराय रहमान में नाले में बच्चे की डूब जाने से हुई मौत के बाद घटना स्थल पर पहुंचे सलमान शाहिद
- फोटो : अमर उजाला
बन्नादेवी क्षेत्र के सराय रहमान इलाके में घर के बाहर खेल रहे पांच वर्ष के बच्चे की नाले में गिरकर मौत हो गई। इस दौरान गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। बसपा नेता सलमान शाहिद ने नगर निगम को चेतावनी दी कि अगर जल्द नाला नहीं ढका गया तो वे आंदोलन शुरू करेंगे। नगर निगम के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद हंगामा शांत हुआ।
विज्ञापन
सराय रहमान निवासी इमरान इलाके में ही बाइक मैकेनिक का काम करते हैं। शाम के समय दो बेटों में बड़ा पांच वर्षीय उजैद घर के बाहर खेल रहा था। उसकी मां नगमा मोहल्ले में दुकान पर सामान लेने गई थी, जब वह लौटी तो उजैद गायब मिला। आसपास खोजने व अन्य बच्चों से पूछने पर पता नहीं चला। इसके बाद खुले नाले पर ध्यान गया।
विज्ञापन
नाले में डंडा डालकर बच्चे की तलाश शुरू हुई, तभी उसका सिर दिखाई दिया। इस पर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। खबर पर पुलिस व नगर निगम की टीम आ गई। किसी तरह प्रयास कर बच्चे को निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो गई थी। इस पर लोगों ने नगर निगम के खिलाफ हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। शव भी वहीं पर रख लिया। जानकारी पर बसपा नेता सलमान शाहिद आदि पहुंच गए।
विज्ञापन
लोगों का आरोप था कि यह पहली बार नहीं हुआ। इस इलाके में आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। मगर न तो सही तरीके से नाले की सफाई होती और न ही नाला ढकवाया जाता। यहां नाला ढकवाए जाने के साथ मुआवजे की बात शुरू हुई। बसपा नेता ने उनकी बात का समर्थन करते हुए चेतावनी दी कि अगर मुआवजा व नाला ढकने पर सहमति नहीं बनी तो बड़ा आंदोलन होगा। खुद अपनी ओर से भी आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। बाद में नगर निगम के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ।
सीओ द्वितीय पुनीत द्विवेदी का कहना है कि बच्चे की मौत हुई है। लोगों को समझाकर शांत किया गया है। बाकी नगर निगम स्तर से मामले में प्रक्रिया अपनाई जाएगी।