फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Block Pramukh Election

ब्लॉक प्रमुख चुनावः अब 10 क्षेत्र पंचायतों पर भाजपा का कब्जा, गंगीरी पर चुनाव आज

Sat, 10 Jul 2021 12:09 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 10 Jul 2021 12:09 AM IST
विज्ञापन
Block Pramukh Election
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने वाली सत्ताधारी भाजपा ने जिले में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष (ब्लॉक प्रमुख) चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले के 12 ब्लॉकों में से 10 पर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित कराया है। हालांकि आठ ब्लॉकों पर बृहस्पतिवार को ही निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। मगर शुक्रवार को इगलास-अकराबाद से सपा और अतरौली से निर्दल प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिए, जिससे इन तीन ब्लॉकों पर भी भाजपा का रास्ता साफ हो गया। जिले के 11 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध विजयी घोषित कर दिए गए। शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट में सभी 11 नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को प्रमाणपत्र वितरित कर दिए गए। इधर, अब सिर्फ गंगीरी ब्लॉक पर शनिवार को मतदान होना है, जहां भाजपा के सामने दो निर्दल प्रत्याशी मैदान में हैं।
विज्ञापन

जिले के 12 ब्लॉकों में से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के प्रभुत्व वाले अतरौली ब्लॉक पर बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख केहर सिंह की पत्नी राजेश्वरी देवी के निर्विरोध निर्वाचन के प्रयास विफल हो गए थे। केहर सिंह प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह के करीबी हैं। उनके सामने निर्दल ममता देवी ने नामांकन किया था। ममता ने शुक्रवार को नाम वापस ले लिया। इस तरह भाजपा की राजेश्वरी देवी निर्विरोध निर्वाचित की गई हैं। इसी तरह इगलास में भाजपा की भगवान देवी के सामने सपा-रालोद की संयुक्त प्रत्याशी स्नेहलता ने नामांकन किया था।
विज्ञापन

यह नामांकन भाजपा के एमएलसी ठा.जयवीर सिंह के प्रयास से शुक्रवार को वापस हो गया और यहां भी भगवान देवी निर्विरोध निर्वाचित कर दी गई हैं। अकराबाद में भी भाजपा के राहुल सिंह के सामने भाजपा के ही बागी अनुज प्रताप सिंह ने सपा के समर्थन से पर्चा भरा था। शुक्रवार को सपा के अनुज व राहुल सिंह की डमी प्रत्याशी के रूप में उनकी पत्नी रिचा ने नाम वापस ले लिया और राहुल निर्विरोध घोषित हो गए। लोधा ब्लाक पर भाजपा प्रत्याशी गुंजन सिंह व उनके पति हरेंद्र सिंह एडवोकेट ने पर्चा भरा था। हालांकि यह भी निर्विरोध निर्वाचन तय था। मगर, यहां गुंजन ने पर्चा वापस लिया है और उनके पति निर्विरोध चुने गए हैं। अब सिर्फ गंगीरी ब्लाक पर निर्दल वीरवती देवी, भाजपा से राकेश यादव व निर्दल राकेश कुमार चुनाव मैदान में हैं, जहां शनिवार को ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान होगा। मतदान के बाद शाम को ही परिणाम घोषित किया जाएगा। बता दें कि बृहस्पतिवार को जिले के धनीपुर, जवां, चंडौस, बिजौली, खैर, टप्पल, गोंडा व लोधा पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। इधर, शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट में सभी 11 निर्वाचित प्रत्याशियों को जिलाधिकारी व प्रेक्षक ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र वितरित किए और निर्विरोध निर्वाचन की बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

- नाम वापसी की प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को अकराबाद, इगलास, लोधा व अतरौली में नाम वापस होने के बाद यहां भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इस तरह जिले के 11 ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं और सभी को प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं। अब गंगीरी पर शनिवार को मतदान होगा।
-चंद्रभूषण सिंह, डीएम
ये हुए निर्विरोध निर्वाचित
1-अकराबाद (अनारक्षित) पर भाजपा से राहुल सिंह-निर्विरोध
2-अतरौली (अन्य पिछड़ा वर्ग महिला) पर भाजपा से राजेश्वरी देवी-निर्विरोध
3-इगलास (अनुसूचित जाति) पर भाजपा से भगवान देवी-निर्विरोध
4-गोंडा (अनारक्षित) पर भाजपा से नरेंद्र चौधरी।
5-चंडौस (महिला) पर भाजपा से सीमा सिंह।
6-जवां (अनारक्षित) पर भाजपा से हरेंद्र सिंह।
7-टप्पल (अनारक्षित) पर भाजपा से निवर्तमान ब्लाक प्रमुख बीना देवी।
8-धनीपुर (अनुसूचित जाति महिला) पर भाजपा से पूजा दिवाकर।
9-बिजौली (अन्य पिछड़ा वर्ग) पर भाजपा से उमेश यादव।
10-खैर (महिला) पर पूर्व विधायक पुत्रवधु निर्दल सौम्या गौड़।
11-लोधा (अनारक्षित) पर भाजपा समर्थित हरेंद्र सिंह-निर्विरोध
यहां होगा आज मतदान
-गंगीरी (छर्रा-अन्य पिछड़ा वर्ग) पर भाजपा से राकेश यादव, निर्दल वीरबती देवी व राकेश कुमार।
लोधा में पत्नी भाजपा प्रत्याशी, पति बने ब्लॉक प्रमुख
लोधा ब्लाक में भाजपा ने बरौली विधायक विधायक ठा.दलवीर सिंह के करीबी हरेंद्र सिंह एडवोकेट की पत्नी गुंजन सिंह को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि इस ब्लाक पर शुरू से ही संकेत थे कि हरेंद्र सिंह या उनके परिवार से प्रमुख का कोई चुनाव लड़ेगा और वे मजबूती से मैदान में थे। इसी कड़ी में भाजपा ने गुंजन को प्रत्याशी बनाया। नामांकन के दिन गुंजन सिंह व हरेंद्र सिंह दोनों ने नामांकन किया। शुक्रवार को गुंजन सिंह का नामांकन वापस ले लिया गया और हरेंद्र सिंह निर्विरोध घोषित हो गए। इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह का कहना है कि हमारी पार्टी ने हरेंद्र सिंह के आवेदन पर ही गुंजन सिंह को प्रत्याशी घोषित किया था। इसलिए हरेंद्र सिंह भी भाजपा समर्थित हैं। प्रमुख उसी परिवार में जीता है।
गंगीरी में पहली बार दांव पर महेश यादव की प्रतिष्ठा
यादव बहुल गंगीरी ब्लॉक पर शहर के देवी नगला निवासी रसूखदार कारोबारी व सपा नेता महेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। महेश यादव का प्रभाव इस ब्लॉक पर वर्ष 2000 से है। सबसे पहले वे खुद इस ब्लॉक से निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बने। इसके बाद से लगातार अब तक उनके परिवार के सदस्य ही इस ब्लाक से निर्विरोध निर्वाचित होते आए हैं। निवर्तमान ब्लॉक प्रमुखी एससी के लिए आरक्षित थी तो उन्होंने अपने ही एक समर्थक को प्रमुख निर्वाचित कराया था। यह पहला मौका है जब इस सीट पर महेश के भाई की पत्नी वीरवती देवी मैदान में हैं और उनके सामने भाजपा ने राकेश यादव को खड़ा किया है। तमाम प्रयास के बाद भी निर्विरोध न होने के कारण यहां कांटे की टक्कर के आसार हैं। इसे लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार शनिवार को मतदान के लिए एसपी देहात शुभम पटेल की मौजूदगी में पुलिस बल गंगीरी ब्लाक पर तैनाती के आदेश किए गए हैं। मतदान में किसी तरह का विवाद न हो, इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
बागी हुए अनुज को मनाया भाजपाइयों ने, साथ पहुंचे नाम वापसी को
अकराबाद ब्लॉक पर भाजपा से बागी होकर सपा से दावेदारी ठोकने वाले अनुज प्रताप सिंह को भाजपा के वरिष्ठ नेता ठा. जयवीर सिंह, विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह के प्रयास से मनाया गया। शुक्रवार को नाम वापसी के लिए जयवीर सिंह, रवेंद्र पाल सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह अपने साथ अनुज व राहुल को साथ लेकर ब्लॉक कार्यालय पर पहुंचे। इसके बाद भाजपा का निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ। इस दौरान अनुज प्रताप सिंह का नामांकन वापस करने के बाद भाजपा नेताओं ने पत्रकारों को बताया है कि अनुज प्रताप सिंह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। विरोधी पार्टी के कुछ नेताओं ने अनुज प्रताप सिंह को गुमराह कर उनका सपा से नामांकन दाखिल करा दिया था। जिसे अनुज प्रताप सिंह ने सहमति से वापस ले लिया है और राहुल का समर्थन किया है। वहीं अनुज प्रताप सिंह का कहना है कि वह भाजपा के साथ थे और आज भी वह भाजपा के साथ हैं। इस मौके पर ठा. तेजवीर सिंह एडवोकेट, शेखर शर्मा, राजनसिंह, मनोज सिंह, भवंरपाल सिंह, मानवेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, सत्यपाल सिंह, रिंकू सिंह, विनीत पहलवान, अवधेश शर्मा, लवकुश सिंह, गोलू सिंह आदि मौजूद रहे।
अतरौली से एटा सांसद के समझाने पर निर्दल हटी मैदान से
एटा सांसद राजवीर सिंह के समझाने पर निर्दलीय प्रत्याशी ममता देवी ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे भाजपा प्रत्याशी राजेश्वरी देवी अतरौली की निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बन गई हैं। अतरौली ब्लाक पर हमेशा ही कल्याण सिंह परिवार का वर्चस्व रहा है। उनके सहयोग से ही यहां ब्लाक प्रमुख बनते रहे हैं। बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी के सामने खेड़िया बहादुरगढ़ी की बीडीसी ममता देवी ने नामांकन दाखिल कर दिया था। शुक्रवार को एटा सांसद राजवीर सिंह अतरौली पहुंचे और ममता देवी व उनके परिवारीजनों से बात की। उनसे वार्ता के बाद ममता देवी ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। ममता देवी ने बताया कि एटा सांसद की हमारा परिवार बहुत इज्जत करता है। उनके कहने पर बिना किसी दबाव के अपना नाम वापस लिया है।

स्नेहलता के नामांकन वापस लेने से सपा को झटका
ब्लॉक प्रमुख के लिए भाजपा से भगवान देवी व सपा से स्नेहलता ने दावेदारी करते हुए बृहस्पतिवार को नामांकन किया था। शुक्रवार को सपा की उम्मीदवार स्नेहलता ने नामांकन वापस ले लिया। स्नेहलता के नामांकन वापस लेने से सपा को झटका लगा है। इधर, दूसरा प्रत्याशी मैदान में न होने पर भाजपा की भगवान देवी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुनी गई हैं। कस्बा में जिला पंचायत सदस्य बंटी चौधरी के आवास पर निर्विरोध निर्वाचित हुई ब्लाक प्रमुख का स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी ठा. जयवीर सिंह, छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, उपेंद्र सिंह नीटू, अनीता जैन, रोहित चौधरी, योगेंद्र शर्मा, सौनू चौधरी, रनवीर सिंह, प्रदीप चौधरी व मुकेश कुमार आदि थे। सांसद राजवीर दिलेर का कहना है कि स्नेहलता भाजपा की निष्ठावान कार्यकर्ता हैं उन्होंने पार्टी हित में नामांकन वापस लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed