बिलख पड़ी ब्लॉक प्रमुख: भाजपा विधायक पर उत्पीड़न का आरोप, बोलीं- विकास कार्यों में डाल रहे बाधा
धनीपुर ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने कहा कि यदि छर्राविधायक और पूर्व ब्लॉक प्रमुख का हस्तक्षेप बंद न हुआ तो वह पंद्रह दिन में कलेक्ट्रेट या विकास भवन में आत्मदाह करने को बाध्य होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ की धनीपुर ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने छर्रा क्षेत्र के भाजपा विधायक रवेंद्रपाल सिंह व पूर्व ब्लॉकप्रमुख तेजवीर सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए बिलख पड़ी। उन्होंने कहा कि ये दोनों विकास कार्यों में बाधा बन रहे हैं और उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। यदि इनका हस्तक्षेप बंद न हुआ तो वह पंद्रह दिन में कलेक्ट्रेट या विकास भवन में आत्मदाह करने को बाध्य होगी। फिलहाल उनके आरोपों से सियासी माहौल गर्मा गया है।
16 जून को स्वर्ण जयंती नगर के रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि वह अनुसूचित जाति से आती हैं। भाजपा संगठन के सहयोग से कम उम्र और शिक्षित होने के कारण उन्हें ये जिम्मा दिया गया। उनके ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद से ही विधायक व पूर्व प्रमुख अपनी मनमानी से ब्लॉक में करते आ रहे हैं। शुरुआती कुछ दिनों में तो मान सम्मान रखने या माहौल समझने का प्रयास किया, जब उन्हें लगा कि गड़बड़ हो रहा है तो उसने अधिकारियों से शिकायत करना शुरू की।
उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब कुछ माह पहले निकाले गए दो करोड़ की निविदा को विधायक ने निरस्त करा दिया। अब फिर से निविदा हुई तो उस पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अधिकारी भी सत्ता के दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं। पूजा दिवाकर ने बताया कि उनकी मर्जी से काम निकालने, उनके चहेते ठेकेदारों को काम न देना इसके पीछे वजह है। एक ठेकेदार ने तो अपशब्द कहते हुए धमकी भी दी। इस लड़ाई में उन्हें कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी विधायक व पूर्व प्रमुख की होगी।
इस दौरान सवालों के जवाब में प्रमुख ने बताया कि ब्लॉक का एक कर्मचारी नलकूप ऑपरेटर रिंकू अरुण कुमार नाम से ठेकेदारी कर रहा है। इसकी और विधायक की संपत्ति की जांच होनी चाहिए। आरटीआई से भी सवाल पूछे जाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि विधायक, प्रमुख के साथ-साथ ठेकेदार मुकेश, उदयपाल, जुबेर व रिंकू आदि मिलकर षड्यंत्र रच रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने की भी कवायद कर रहे हैं। मगर वह हर लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार है। क्षेत्र पंचायत सदस्य ओमवीर सिंह, गुलशन, चांद बाबू, ओमवीर कुमार, गजेंद्र सिंह, यूनुस खान, वीरेंद्र सिंह, रूबी, मुनिशा बेगम, रुखसार परवीन, प्रधान अजय सिंह, मुन्नी खान, सुभाष आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक प्रमुख द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं मनगढ़ंत हैं। हमारे स्तर से सिर्फ विकास कार्यों के मानकों को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। जो टेंडर प्रक्रिया पंद्रह दिन में होनी चाहिए थी, वह सात दिन में आनन फानन बिना गजट के पूरी कर दी। अलीगढ़ के ब्लॉक के गजट राजस्थान के समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए। इससे प्रमुख की मंशा साफ होती है। इसी की शिकायत की है, जिसमें जांच हो रही है। इसी से बौखलाकर ये आरोप लगाए जा रहे हैं।-रवेंद्रपाल सिंह, विधायक छर्रा क्षेत्र