अलीगढ़: प्रदर्शन कर रहे 26 एएमयू छात्र गिरफ्तार, 78 नामजद व 2600 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में चल रहे विरोध का असर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी नजर आ रहा है। रविवार को पुलिस और छात्रों के बीच हुए बवाल के बाद दो एफआईआर दर्ज किए गए। एक में ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल करने और दूसरे में एक दरोगा के साथ लूटपाट करने की कोशिश की शिकायत की गई है।
पहले मामले में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 52 नामजद और 1300 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं दूसरे मामले में 26 नामजद और 1300 अज्ञात छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके साथ ही मौके से 26 छात्रों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद शहर भर के अल्पसंख्यकों और एएमयू छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।
गिरफ्तारी के बाद से ही समर्थकों ने बिना आवेदन के जगह-जगह प्रदर्शन कर छात्रों की रिहाई की मांग की। सोमवार देर रात सभी 26 छात्रों को रिहा कर दिया गया। बता दें कि यह मामला रविवार को सोशल मिडीया पर जामिया के वायरल वीडियो के बाद भड़क उठा था।
रविवार को जामिया छात्रों के प्रदर्शन का एक फर्जी वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पुलिस लाठीचार्ज के कारण जामिया के एक छात्र की मौत का जिक्र किया गया था। इसके बाद एएमयू के प्रदर्शनकारी छात्रों का गुस्सा भड़क उठा। छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया और वे पुलिस के साथ हाथापाई पर उतर आए।
इस दौरान एएमयू छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया और गोलियां भी चलाई। वहीं पुलिस ने भी हालात को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया। झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इसके बाद ही पुलिस ने छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की। इसमें विश्विद्यालय के पूर्व छात्रसंघ नेता और वर्तमान छात्रसंघ के सदस्य भी शामिल हैं।
हालांकि आज भी एएमयू छात्रों और उनके समर्थकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। शहर भर में लगभग 8000 लोग इकट्ठा होकर नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि वे कलेक्ट्रेट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।