फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Aligarh will create a new record in voting

Lok Sabha Election: मतदान में अलीगढ़ रचेगा नया कीर्तिमान, 19 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद

Fri, 26 Apr 2024 02:05 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Fri, 26 Apr 2024 02:05 AM IST
सार

25 अप्रैल को धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। प्रशासन द्वारा लगातार मतदाताओं को जागरूक करके बिना भय के मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अफसरों को भरोसा है कि मतदाता घरों से निकलेंगे और वोट डालकर मतदान प्रतिशत बढ़ाकर चुनाव में एक नया कीर्तिमान बनाएंगे।

विज्ञापन
Aligarh will create a new record in voting
मॉडल मतदान केंद्र - फोटो : संवाद

विस्तार

अलीगढ़ संसदीय सीट के लिए 26 अप्रैल सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। जिले के 19,90,529 लाख मतदाता अपना नया सांसद चुनने के लिए मतदान करेंगे। मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। इस दौरान मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 

विज्ञापन


25 अप्रैल को धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। प्रशासन द्वारा लगातार मतदाताओं को जागरूक करके बिना भय के मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अफसरों को भरोसा है कि मतदाता घरों से निकलेंगे और वोट डालकर मतदान प्रतिशत बढ़ाकर चुनाव में एक नया कीर्तिमान बनाएंगे। मतदान के दिन सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी बैंक एवं अन्य संस्थान बंद रहेंगे। मतदान के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों एवं ईवीएम में गड़बड़ी फैलाने से सख्ती से निपटा जाएगा।
विज्ञापन


ईवीएम में खराबी दूर करने के लिए हर विधानसभा में तीन इंजीनियर
मतदान के दौरान ईवीएम में खराबी को दूर करने के लिए प्रत्येक विधानसभा में तीन इंजीनियरों की टीम उपलब्ध रहेगी।

अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं की विधानसभावार स्थिति
विधानसभा का नाम, पुरूष, महिला, थर्ड जेंडर, कुल मतदाता

  • 71 -खैर, 215011, 187865, 24, 402900
  • 72- बरौली, 204537, 180866, 14, 385417
  • 73- अतरौली, 213256, 185082, 05, 398343
  • 75- कोल ,214150, 190195, 29, 404374
  • 76 - शहर, 209033, 184258, 41, 393332


वोटरों की आयु वर्ग के आधार पर स्थिति
आयु, कुल मतदाता

  • 18 से 19, 48,748
  • 20 से 29, 669588
  • 30 से 39, 719985
  • 40 से 49, 525366
  • 50 से 59, 406460
  • 60 से 69, 232224
  • 70 से 79, 115743
  • 80 से अधिक, 46820

चुनाव मैदान में आमने-सामने प्रत्याशी

01- बिजेंद्र सिंह, समाजवादी पार्टी
02- सतीश कुमार गौतम, भारतीय जनता पार्टी
03- हितेंद्र कुमार उपाध्याय उर्फ बंटी, बहुजन समाज पार्टी
04- मनोज कुमार उर्फ मनोज लोधी, समान अधिकार पार्टी
05- मनोज कुमार शर्मा एडवोकेट, लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी
06- राजकुमार, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
07- सतीश कुमार, स्वतंत्र जनताराज पार्टी
08- सुरेंद्र, मौलिक अधिकारी पार्टी
09- केशव देव उर्फ पंडित केशव देव गौतम,  निर्दलीय 
10- दिलीप शर्मा एडवोकेट, निर्दलीय
11- महेश चंद्र शर्मा, निर्दलीय
12- राजेश कुमार, निर्दलीय
13- सतीश कुमार, निर्दलीय
14- ज्ञानी राम, निर्दलीय

खास बातें 
- अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र के कुल मतदाता - 19,90,529 लाख ।
- कुल पुरुष मतदाता 1470644, महिला 1288435 एवं 136 थर्ड जेंडर।
- अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र को 15 जोन व 202 सेक्टर में बांटा गया है। सात सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
- अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र में शामिल हैं खैर, बरौली, अतरौली, कोल, शहर समेत पांच विधानसभा ।
- पोलिंग बूथों पर सुबह 05:30 बजे पोलिंग एजेंट का मॉक पोल होगा।
- मतदान केंद्र के बाहर राजनीतिक दल 200 मीटर की दूरी पर सिर्फ दो कुर्सी, मेज लेकर अपना बस्ता लगा सकेंगे।
- पोलिंग पार्टियों की संख्या - 3117
- मतदान कार्मिक की संख्या - 13,284
- चुनाव में 3016 ईवीएम, 3016 कंट्रोल यूनिट व 3016 वीपी पैट का हो रहा प्रयोग।
- जिले में 1641 मतदान केंद्र पर 3016 मतदेय स्थल बने हैं। इनमें 21 पिंक बूथ, सात दिव्यांग बूथ, 35 मॉडल बूथ बनाए गए हैं।
- जिले में करीब 38 हजार नए युवा मतदाता (18 से 20 वर्ष ) हैं। जो पहली बार लोकसभा चुनाव में अपना वोट डालेंगे।
- जिला निर्वाचन कार्यालय कंट्रोल रूम - 1950
- कमिश्नरी में मंडलीय निर्वाचन कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर- 0571-2741180
- ईवीएम पर सभी 14 उम्मीदवारों की फोटो होगी।
- पोलिंग अधिकारियों की गाड़ी में जीपीएस लगाया गया है।

मतदान कार्मिक बूथों पर किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें - डीएम

भारत निर्वाचन आयोग से भेजे गए प्रेक्षकों के साथ डीएम विशाख जी ने धनीपुर मंडी पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया। डीएम ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिक बूथ पर किसी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें और पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ मतदान कराएं। उन्होंने बताया कि निरंतर भ्रमण कर मतदाताओं से शत-प्रतिशत मताधिकार के प्रति जागरूक एवं उनके अंदर विश्वास को जगाया गया है, ताकि वह मतदान दिवस पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि मतदान के दौरान फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर अवश्य आएं। मतदाता पर्ची मतदान केंद्र तक पहुंचने एवं मतदाता सूची में नाम तलाशने में मदद के लिए दी जाती है। 

मतदाता पर्ची मत प्रयोग करने का अधिकार नहीं देती है। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी मतदान केंद्र में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का असफल प्रयास करता है तो इसके लिए सभी जोनल, सेक्टर एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए हैं। किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने का मौका नहीं दिया जाएगा। यहां एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एडीएम वित्त एवं राजस्व मीनू राणा, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रामशंकर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, सहायक सूचना निदेशक संदीप कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। उधर, डीएम-एसएसपी ने देर शाम शहरी क्षेत्र के अलावा गभाना क्षेत्र में बने कई पोलिंग बूथों का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों से बातचीत करने के साथ ही व्यवस्थाओं को देखा। अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। 

त्रिकोंणीय मुकाबले में फंसी तालानगरी की सीट
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में अलीगढ़ सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होने जा रहा है। 19 लाख 90 हजार मतदाताओं वाली इस सीट पर 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान में उतरे सतीश गौतम सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी चौधरी बिजेंद्र सिंह और बसपा के हितेंद्र उपाध्याय बंटी से चुनौती मिल रही है। मुद्दाविहीन चुनाव में मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों को बेचैन किया हुआ है। जातीय समीकरण के साधने के साथ ध्रुवीकरण की कोशिश की भी गई। मतदाताओं को बूथ तक ले जाने की बड़ी चुनौती भी सामने है। पहले चरण में 2019 के मुकाबले मतदान प्रतिशत कम होने से भी प्रत्याशियों के गणित गड़बड़ाते नजर आए। इससे सबक लेते हुए प्रचार समाप्त होने के बाद तीनों ही प्रमुख प्रत्याशी अपने समर्थकों को बूथ तक ले जाने की रणनीति पर काम करते नजर आए। 

विज्ञापन

पोलिंग पार्टियां पहुंचीं

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 25 अप्रैल को धनीपुर मंडी से कड़ी सुरक्षा के बीच 2121 पोलिंग पार्टियां, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मतदान केंद्रों पर रवाना हुईं। प्रशासनिक स्तर से सारी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। नगर निगम के स्तर से बैरीकेडिंग के साथ ही पोलिंग बूथ तैयार कर लिए गए। कई मतदान केंद्रों पर पिंक बूथ बनाए गए हैं। जिन्हें नगर निगम द्वारा सजाया गया है। हालांकि, कई स्थानों पर अव्यवस्थाओं के चलते मतदान कार्मिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। धनीपुर मंडी में खैर, बरौली, अतरौली, कोल एवं शहर विधानसभा वार अलग- अलग काउंटर बनाए गए थे। जहां से पोलिंग पार्टियों को डी-कोडिंग के साथ ही ईवीएम, वीवी पैट, जरूरी दवाओं के लिए मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई। मतदाताओं के हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशानी के लिए मतदाताओं की पर्चियां, निर्वाचक नामावली, पीठासीन की डायरी रिपोर्ट, लिफाफा, ड्यूटी प्रमाण पत्र, रसीद, पुस्तक, पेंसिल, बॉल पेन, खाली कागज, मुहरबंद के लिए कपड़ा, मतदान सामग्री, ब्लेड, मोमबत्ती, अमिट स्याही, ड्राइंग पिन, चेक लिस्ट, रबर बैंड आदि चुनाव सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पोलिंग पार्टियों को तय मार्ग एवं वाहनों के जरिए बूथों तक भेजा गया।  


बूथों पर अव्यवस्थाओं को लेकर परेशान रहे मतदान कर्मी 
शहर के आगरा रोड के महेश्वर कन्या इंटर कॉलेज में पहुंचे मतदान कार्मिकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां न तो शौचालय की सही व्यवस्था थी न ही नहाने आदि की कोई व्यवस्था। नौरंगाबाद के डीएम इंटर कॉलेज में शौचालय, पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं थी। मच्छरों से निजात के लिए फॉगिंग तक नहीं कराई गई थी। चंपा देवी इंटर कॉलेज में बने पोलिंग बूथ पर भी मतदान कार्मिकों को अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ा। यहां पंखा आदि न चलने से गर्मी में परेशान होना पड़ा। यही हाल दूसरे पोलिंग बूथों पर भी देखने को मिला। 

निर्णायक भूमिका निभाएंगे युवा एवं महिला मतदाता 
लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की निगाहें युवा मतदाताओं एवं महिला मतदाताओं पर टिकी हुई है। खासकर 18 वर्ष की उम्र पूरा होने के बाद पहली बार मतदाता बने युवाओं को रिझाने में प्रत्याशियों ने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। महिला मतदाता भी प्रत्याशियों की दूसरी सबसे बड़ी पसंद है, उनका मानना है कि महिलाएं चुनाव में उनके लिए निर्णायक भूमिका अदा कर सकती हैं। इस बार जिले में कुल पुरुष मतदाता 1470644, महिला 1288435 एवं 136 थर्ड जेंडर शामिल हैं।

पिंक बूथों पर केवल महिलाओं की ड्यूटी

इस बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन पिंक मतदेय स्थल बनाए गए हैं। पोलिंग बूथ पर कर्मचारियों से लेकर सुरक्षा कर्मी तक महिलाओं की ही ड्यूटी लगाई गई है। मतदान स्थल पर मतदान कार्मिक से लेकर सुरक्षाकर्मी तक महिलाएं ही रहेंगी। पोलिंग बूथ पर महिलाएं किसी भी रंग के कपड़े पहन सकती हैं। बूथ पर किसी विवादित रंग का प्रयोग नहीं किया जाएगा। पोलिंग बूथ पर बच्चों के खेलने के लिए भी जगह बनाई गई है। मतदेय स्थल पर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। नगर निगम स्तर से पिंक बूथ के अलावा कई आदर्श पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं। 

मजहर सीएम राहत कोष में देंगे मतदान ड्यूटी में मिलने वाली धनराशि
मतदान ड्यूटी में मिलने वाली राशि को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में जिलाधिकारी या मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला एएमयू के जिम्नेजियम क्लब के प्रशिक्षक मजहर उल कमर ने लिया है। प्रथम मतदान अधिकारी के रूप में 26 अप्रैल को ड्यूटी करने वाले मजहर ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर गर्व करने के लिए हमारे पूर्वजों ने बड़ी कुर्बानी दी है। उन्होंने जिलाधिकारी को ई-मेल और एक्स पर प्रार्थना पत्र देकर ड्यूटी से मिलने वाली धनराशि राहत कोष में जमा करने के लिए उनसे निवेदन किया है।

शहर मुफ्ती ने की मतदान करने की अपील
शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने जुमे की नमाज से पहले मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मतदान करने के बाद ही जलपान करें। लिहाजा, सुबह ही वोट डाल दें। वोट करना शरई और कानूनी तौर पर सभी की जिम्मेदारी है।

पोलिंग पार्टियों की वापसी पर वाहनों के आवागमन पर रोक
मतदान के बाद 26 अप्रैल को देर शाम पोलिंग पार्टियां धनीपुर मंडी में ईवीएम व वीवीपैट के साथ ही बस्ते जमा कराने पहुंचेंगी। इस दौरान शाम पांच बजे के बाद एटा चुंगी से धनीपुर, बौनेर से एटा चुंगी की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। केवल पोलिंग पार्टियां, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, एंबुलेंस एवं आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की छूट होगी। एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया इस दौरान वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।

दिव्यांगों को बूथ पर मिलेगी ट्राई साइकिल 

चुनाव आयोग ने इस बार बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से ही पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा प्रदान की थी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और एक सहायक भी मिलेगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाने पर पूरा जोर है। इसलिए बुजुर्ग व दिव्यांगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव की मदद से ट्राई साइकिल की व्यवस्था की गई है। दो सहायक भी रहेंगे। शहरी बूथों पर भी यही व्यवस्था की गई है। 

चढ़ा तापमान भी लेगा मतदाताओं के जोश का इम्तिहान
अलीगढ़ जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पारा भी 40 के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को तापमान 40 पार जाने की संभावना जताई है। ऐसे में गर्मी में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाना बढ़ी चुनौती होगी। अगर दिन में गर्मी ज्यादा रही तो मतदान प्रतिशत पर असर पड़ सकता है।25 अप्रैल को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप से लोग परेशान रहे। शुक्रवार को मौसम विभाग ने तापमान 40 पार जाने की आशंका जताई है। हालांकि, दिन में बारिश की भी आशंका है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed