'ऐसा लग रहा है कि इस वक्त हम भी देश के सैनिक हैं', रेलवे कर्मियों ने बताया 24 घंटे कैसे कर रहे हैं काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू से लेकर लॉकडाउन की अवधि तक सवारी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया है। मगर, इसी रेल विभाग में अभी भी मालगाड़ियों का संचालन कर रहे कुछ ऐसे भी कर्मचारी हैं जो कोरोना से जंग लड़ते हुए अपने देश की सेवा में लगे हुए हैं।
इन्हें कोरोना का भय नहीं, बल्कि देश के एक कोने से दूसरे कोने में जनता के लिए समय से आवश्यक वस्तुओं को पहुंचने की चिंता है। रेलवे के रनिंग और ऑपरेटिंग स्टाफ मालगाड़ियों से देश भर में बिजली उत्पादन के लिए कोयला और जनता के लिए आवश्यक वस्तुएं जैसे गेहूं, आटा, चावल, दाल व अन्य सामान को पहुंचाने में युद्ध स्तर पर जुटे हैं। वर्तमान में देशभर में ट्रकों के पहिये जाम होने से इनकी यह जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ गई है।
परिवार को हमारी, हमें देश की चिंता
अलीगढ़ रेलवे जंक्शन से कोयला लदी मालगाड़ी को दिल्ली की ओर लेकर जा रहे लोको पायलट सुदर्शन कुमार ने बताया कि वह एनसीआर डिवीजन में तैनात हैं। मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। कोयला लदी मालगाड़ी को पावर प्लांटों तक लेकर जा रहे हैं, जिससे बिजली का उत्पादन पूरा होता रहे।
वहीं, उनके साथी सह लोको पायलट उमेश कुमार ने बताया कि वह अलीगढ़ के सासनी गेट के रहने वाले हैं। वर्तमान में एनसीआर डिवीजन में ही तैनात हैं। मालगाड़ियों का संचालन इस समय बहुत आवश्यक हैं। उमेश कहते हैं कि हम प्रतिदिन 10 से 12 घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं।
समय से गाड़ियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। ट्रकों के बंद होने के बाद से मालगाड़ियों से ही खाद्य पदार्थ और कोयला देश के एक कोने से दूसरे कोने तक जा रहा है। अगर, खाद्य पदार्थ इस वक्त समय से नहीं पहुंचे तो देश के लाखों लोगों को भूखा रहना पड़ सकता है।
इसलिए हम पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं। परिवार वाले लगातार फोन कर हमारे लिए चिंता जाहिर करते हैं। इस वक्त ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हम भी देश के सैनिक हैं। हमें अपने देश की चिंता है।
समय से संचालन को ऑपरेटिंग स्टाफ भी मुस्तैद
अलीगढ़ जंक्शन पर तैनात डिप्टी एसएस दीपक कुमार जादौन और स्टेशन मास्टर पूजा ने बताया कि इस समय मालगाड़ियों का समय से संचालन करना बड़ी चुनौती है। ऑपरेटिंग स्टाफ 24 घंटे की ड्यूटी कर सभी मालगाड़ियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में लगे हैं। कोरोना से बचाव को लेकर रेलवे की ओर से सभी इंतजाम किए गए हैं। हम गाइडलाइन का पालन भी कर रहे हैं।