Aligarh News: रंगों के पर्व होली पर पुलिस हाई अलर्ट, रूट रहेगा डायवर्ट, अधिकारियों ने दी बधाई
होली को लेकर 25 मार्च को दूसरे दिन भी यातायात परिवर्तित रहेगा। शहर में सेक्टर स्कीम भी प्रभावी रहेगी। इसके अलावा बिजली, साफ-सफाई व पेयजल आपूर्ति और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संबंधित विभाग अलर्ट हैं।
विस्तार
अलीगढ़ जिले भर में 25 मार्च को होली खेली जाएगी। सांप्रदायिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील शहर में इस दिन को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस को हाईअलर्ट मोड पर रखा गया है। 24 मार्च देर शाम एसएसपी संजीव सुमन ने अधिकारियों जरूरी निर्देश दिए जारी किए।
होली को लेकर 25 मार्च को दूसरे दिन भी यातायात परिवर्तित रहेगा। शहर में सेक्टर स्कीम भी प्रभावी रहेगी। इसके अलावा बिजली, साफ-सफाई व पेयजल आपूर्ति और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संबंधित विभाग अलर्ट हैं। डीएम विशाख जी व एसएसपी संजीव सुमन ने पुलिस अधिकारियों व मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि संभ्रांत लोगों की मदद से शहर व जिले में होली का त्योहार मनवाएं। गड़बड़ी करने वाले के प्रति नरमी या पक्षपात करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान थाना व चौकीवार क्यूआरटी तैयार करने, पूर्व के झगड़ों वाले स्थानों पर हर हाल में फोकस रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, नगर निगम स्तर से दूसरे दिन भी धूल व जुमे की नमाज को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुराने शहर के कुछ मिश्रित आबादी वाले इलाकों में बैरियर्स लगवाए गए हैं। ताकि जिन लोगों को रंग या होली से परहेज है, उन इलाकों में हुरियारे न जा सकें।
होली को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। आरएएफ व पीएसी द्वारा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। -संजीव सुमन, एसएसपी
आईजी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से दिए जरूरी टिप्स
आईजी रेंज शलभ माथुर ने रविवार दोपहर रेंज के चारों पुलिस कप्तानों की वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक ली। इस दौरान होली पर सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था, जरूरी संसाधनों आदि पर निर्देश दिए। कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। होली के दिन पुलिस सतर्क रहे। अन्य विभागों से सामंजस्य रखे और खुद पुलिस की होली बेहद अनुशासन में रहकर खेले। यातायात इंतजामों और दुर्घटना वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों ने दी होली की बधाई
होली गिले शिकवे भूल, सभी को गले लगाने का त्योहार है। होली की सभी मंडलवासियों को हार्दिक बधाई। जनता से अपील है कि शांति और संयम, सौहार्द का परिचय देकर त्योहार मनाएं। -चेत्रा वी, मंडलायुक्त
मंडल के सभी लोगों व पुलिस कर्मियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार प्रेम, आपसी भाईचारे का प्रतीक है। सभी पुलिसकर्मी इस बात को चरितार्थ करें। जनता के मन में पुलिस के प्रति प्रेम, भाईचारे की भावना पैदा करें।- शलभ माथुर, आईजी
होली की जिले की जनता को ढेर सारी बधाई। सभी लोगों से अपील है कि इस त्योहार को आपसी भाई चारे के साथ मनाएं। त्योहार पर प्रेम जताने के साथ ही कोरोना से अपनों की परवाह भी करें।-विशाख जी, डीएम
जिलेवासियों को होली की बहुत-बहुत बधाई। जनता से अपील है कि वह सौहार्द, प्रेम, भाईचारे के प्रति इस त्योहार को संयम और शांति के साथ मनाए। किसी तरह की गड़बड़ी पर पुलिस की मदद लें।-संजीव सुमन, एसएसपी
यह हैं अतिरिक्त इंतजाम
- एक कंपनी पैरामिलिट्री और एक कंपनी पीएसी शहर में
- साठ से अधिक प्वाइंटों पर पुलिस पिकेट तैनात
- प्रत्येक थाने और प्रत्येक चौकी पर एक-एक क्यूआरटी
यातायात इंतजाम
- प्रत्येक थाने में तीन-चार प्रमुख मार्गों पर लगेंगे बैरियर
- 24 मार्च सुबह से प्रमुख मार्गों पर वाहन भी प्रतिबंधित
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
शहर में होली पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर 25 मार्च को भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को हाईवे बाईपास होकर गुजारा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे आवागमन में वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि होली को लेकर शहर में रूट डायवर्जन किया गया है। सोमवार शाम आठ बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
रूट रहेगा डायवर्ट
दिल्ली-बुलंदशहर की ओर से सारसौल चौराहे की ओर आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन, आगरा/मथुरा रोड की तरफ से सासनीगेट चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को बाईपास से होकर गुजारा जाएगा। अतरौली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को क्वार्सी चौराहे से व एटा/कानपुर रोड की तरफ से एटा चुंगी चौराहे की तरफ से आने वाले वाहन शहर में नहीं जाएंगे और उन्हें बाईपास से गुजारा जाएगा।
बस स्टैंड तक चलेंगी रोडवेज बसें
शहर में यात्रियों के आवागमन को देखते हुए रोडवेज की बसों का संचालन धीमी गति से हो सकेगा। बसें सारसौल, मसूदाबाद बस स्टैंड तक आ सकेंगी।