एक मई से होने वाले राशन वितरण के दौरान कोरोना संक्त्रस्मितों के चलते हाट स्पॉट क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को उनके घर पर ही राशन मिलेगा। इस दायरे में 16 राशन की दुकानों के डीलर उपभोक्ता के घर पर ही राशन का गेहूं एवं चावल लेकर जाएगा। इस दायरे में 8385 कार्ड धारक आएंगे। सभी को जल्द से जल्द राशन उपलब्ध कराने के लिये चार पांच कोटा डीलर एक साथ मास्क, सेनेटाइजर लेकर जाएंगे।
पांच से अधिक कोरोना सक्रमित मिलने के कारण जिले में उस्मानपाड़ा रेड जोन में है। वही जंगलगढ़ी, गोविंद नगर, शाहजमाल, हाथी पुल कुरैशियान गली एवं गांव अलहदादपुर एरिया हॉट स्पॉट की श्रेणी में हैं। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि इनमें से रैड जोन व हाट स्पाट घोषित सभी इलाकों में एक मई से होने वाले राशन वितरण के दौरान राशन की सभी 16 दुकानें बंद रहेंगी। सभी डीलर इन इलाकों के 8385 राशन कार्ड उपभोक्ताओं के घर पर ही राशन का गेहूं व चावल लेकर पहुंचेगा और पीओएस मशीन में अंगूठा लगवाकर प्रति यूनिट राशन उपलब्ध कराएगा। पोर्टेबिलिटी सिस्टम के तहत चार-पांच की संख्या में कोटेदार ई रिक्शा, छोटा हाथी आदि पर सामान लदवाकर उपभोक्ताओं में राशन का वितरण करेंगे। वे मास्क व सैनिटाइजर लेकर क्षेत्र में जाएंगे और सैनिटाइज कराने के बाद ही उपभोक्ता का अंगूठा पीओएस मशीन पर लगवाकर उसको राशन देंगे। अंत्योदय एवं मनरेगा कार्ड धारक को फ्री राशन वितरित किया जाएगा।