Aligarh ISBT: अलीगढ़ एयरपोर्ट के पास हाईवे पर बनेगा अंतरराज्यीय बस अड्डा, पनैठी पर चार एकड़ जमीन मिली
अलीगढ़ आईएसबीटी को सेटेलाइट बस स्टैंड की तरह संचालित किया जाएगा। यानी दूसरे शहरों से आने और जाने वाली बसें यहां से ही संचालित होंगी। यह बसें शहर के अंदर से होकर नहीं गुजरेंगी, बल्कि हाईवे से ही बसों का संचालन होगा।
विस्तार
अलीगढ़ शहरवासियों को जल्द ही अलीगढ़- कानपुर हाईवे पर रोडवेज का नया अंतरराज्यीय बस अड्डा मिल सकता है। रोडवेज अफसरों की मांग पर जिला प्रशासन ने अलीगढ़ एयरपोर्ट के पास पनैठी में चार एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी है। अब रोडवेज अफसर इसका प्रस्ताव तैयार कराकर उसे शासन को भेजने की तैयारी में जुट गए हैं। जिला प्रशासन ने जाम की समस्या को लेकर शहर में करीब डेढ़ साल से गांधीपार्क बस अड्डे से बसों का संचालन बंद करा रखा है।
बस अड्डे के लिए हाईवे पर पनैठी, मथुरा बाईपास, आगरा रोड, नादा पुल, खेरेश्वर चाैराहा के पास उपयुक्त जमीन की तलाश की गई। इन सभी स्थानों को रोडवेज अफसरों को दिखाया गया। जिनमें से अलीगढ़ एयरपोर्ट के पास पनैठी ओवरब्रिज से चार एकड़ जमीन मानक के अनुसार पाई गई है। यह भूमि तहसील कोल प्रशासन ने आरक्षित करते हुए रोडवेज को उपलब्ध करा दी है। यह बस अड्डा शहर के यातायात को बेहतर बनाने और विकास को बढ़ावा देने में मदद करेगा। इस बस अड्डे को सेटेलाइट बस स्टैंड मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
पनैठी में बस अड्डा बन जाने से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसानी रहेगी। जाम से भी नहीं जूझना पड़ेगा। इससे समय व पैसे दोनों की बचत होगी।- राजेश कुमार, अल्हदादपुर
विज्ञापन विज्ञापन
अभी तक दूसरे शहरों में जाने के लिए हाईवे पर घंटों बसों का इंतजार होता है।- फिरोज खान, भोपतपुर गडराना
सेटेलाइट बस स्टैंड के रूप में होगा संचालन
यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि अलीगढ़ एयरपोर्ट के पास पनैठी में हाईवे पर चार एकड़ जमीन प्रशासन द्वारा उपलब्ध करा दी गई है। इसका प्रस्ताव जल्द तैयार कराकर उसे शासन की मंजूरी व धन उपलब्धता के लिए परिवहन निगम मुख्यालय भिजवाया जाएगा। इसे सेटेलाइट बस स्टैंड की तरह संचालित किया जाएगा। यानी दूसरे शहरों से आने और जाने वाली बसें यहां से ही संचालित होंगी। यह बसें शहर के अंदर से होकर नहीं गुजरेंगी, बल्कि हाईवे से ही बसों का संचालन होगा।
खास बातें
- यातायात को सुगम बनाने और शहर के विकास को बढ़ावा देने के लिए होगा निर्माण
- नया बस अड्डा पनैठी में करीब चार एकड़ जमीन पर बनेगा
- सेटेलाइट बस स्टैंड को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा
- बस अड्डे पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी
- प्रतीक्षालय, कैफेटेरिया समेत अन्य सुविधाएं होंगी उपलब्ध
मुख्य बातें
- अभी तक रोडवेज के शहर में गांधीपार्क, मसूदाबाद व सारसाैल बस स्टैंड बने हुए हैं
- अलीगढ़ परिक्षेत्र में संचालित होती हैं 680 बसें
- नगर विकास विभाग व स्मार्ट सिटी के सहयोग से 25 ई- बसों का विभिन्न रूटों पर हो रहा है संचालन
- राजस्व विभाग ने रोडवेज को उपलब्ध कराई जमीन
- शासन को जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव