अलीगढ़: सपा प्रत्याशी के समर्थन में फतवा जारी, शहर मुफ्ती ने बताया फर्जी
शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपील को सिरे से खारिज कर उसे फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि इस अपील से उनका कोई सरोकार नहीं है। इस तरह की उन्होंने कोई अपील नहीं की है।
विस्तार
अलीगढ़ की शहर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी को वोट देने के लिए बुधवार को एक फतवा जारी किया गया है। इसमें शहर मुफ्ती की ओर से मुस्लिम समाज के लोगों से सपा प्रत्याशी जफर आलम को वोट देने की अपील की गई है। हालांकि शहर काजी ने वायरल इस फतवे को फर्जी करार दिया है। इस संबंध में उन्होंने एक पत्र भी जारी किया है।
शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपील को सिरे से खारिज कर उसे फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि इस अपील से उनका कोई सरोकार नहीं है। इस तरह की उन्होंने कोई अपील नहीं की है। किसी भी प्रत्याशी के लिए उन्होंने समर्थन नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि वायरल अपील में उनका लेटर पैड नहीं है। जो नाम लिखा है, उसमें भी गलती है। शहर मुफ्ती ने कहा कि किसी को काफिर नहीं कहा है और न ही किसी को कहता हूं। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से मुखालफत नहीं है।
वायरल अपील में शहर विधायक और भाजपा नेता संजीव राजा को काफिर बताया गया है। फतवे में कहा गया है कि पिछली बार हम भाइयों के बिखर जाने से हमारे दिल-अजीज जफर भाई हार गए थे और काफिर संजीव राजा जीत गया था।
अलीगढ़ शहर विधानसभा में चार मुस्लिम उम्मीदवार
अलीगढ़ शहर सीट पर कुल 11 में से चार प्रत्याशी मुस्लिम हैं। इनमें सपा प्रत्याशी जफर आलम, कांग्रेस से मो. सलमान इम्तियाज बसपा से रजिया खान जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रिहाजुद्दीन हैं।