दिल्ली-गाजियाबाद व नोएडा से ज्यादा प्रदूषण: एक्यूआई 629, एक दिन में 17 सिगरेट पी गए अलीगढ़ वाले
दीपावली त्योहार के बाद 12 नवंबर को भी अलीगढ़ का एक्यूआई 600 से पार रहा।एक्यूआई का स्तर 500 होने का मतलब अस्थमा, दिल से जुड़ी समस्याएं, एलर्जी, साइनस, फ्लू और सीओपीडी यानी काला दमा के लक्षण दिखने का खतरा अधिक हो जाता है।
विस्तार
अलीगढ़ शहर की हवा अब सांस लेने लायक नहीं रह गई है। बृहस्पतिवार को अलीगढ़ का एक्यूआई 600 पार चला गया जो दिल्ली (528), नोएडा(516) और गाजियाबाद (552) से भी अधिक रहा।
एक्यूआई डॉट इन वेबसाइट के मुताबिक, 12 नवंबर को शहर में एक्यूआई 629 दर्ज किया गया। इस प्रदूषण को सिगरेट से तुलना करते हुए बताया है कि एक दिन में प्रत्येक व्यक्ति ने 17 सिगरेट के बराबर धुआं सांस के साथ लिया है। अगर धनतेरस से अब तक की स्थिति देखें तो यह आंकड़ा प्रति व्यक्ति 117 सिगरेट के बराबर पहुंच गया है। दूसरी ओर प्रदूषण का असर अस्पतालों में नजर आने लगा है। यहां आ रहे मरीजों में सर्वाधिक आंखों में जलन, सूखी खांसी और नाक बहने की परेशानी से पीड़ित हैं। बृहस्पतिवार को ही मलखान सिंह जिला अस्पताल में 50 और दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में 40 लोग सूखी खांसी की शिकायत लेकर पहुंचे। इसमें सभी आयुवर्ग के मरीज शामिल हैं।
दीनदयाल अस्पताल के डॉ. संजय सिंघल ने बताया कि रोजाना सूखी खांसी के मरीज आ रहे हैं। कभी इनकी संख्या 25 तो कभी 35 तक रहती है। इसी अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके शर्मा ने बताया कि रोजाना लगभग 40 ऐसे बच्चे आ रहे हैं, जो खांसी से परेशान हैं। मलखान सिंह जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को ऐसे 50 बच्चे अस्पताल पहुंचे, जिनका उपचार किया गया है।
मथुरा से आई थी, यहां पर खांसी से हालत खराब हो गई। अब अस्पताल में दिखाकर दवा ली है। - कमलेश, मथुरा
सूखी खांसी से बहुत परेशानी है। सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। इसलिए अस्पताल आना पड़ा है। - कैलाशी, एटा चुंगी
सांस लेने में बहुत परेशानी है। सूखी खांसी से दिन का कोई काम नहीं हो पा रहा है। - सुनीता, पला
सूखी खांसी की परेशानी है। दीनदयाल अस्पताल में डॉक्टर से जांच कराकर परामर्श लिया। - सिद्धी, कुंवर नगर कॉलोनी
जिले में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है यह चिंता का विषय है। इस संबंध में नगर निगम और जिला प्रशासन से बातचीत कर इस दिशा में किए जा रहे उपायों के संबंध में चर्चा की जाएगी। प्रभावी उपायों को जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा। - ओपी आर्य, मंडलायुक्त, अलीगढ़ मंडल
पांच दिन पहले भेजा पत्र, अब तक संज्ञान नहीं
वायु प्रदूषण बढ़ने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, अलीगढ़ विकास प्राधिकरण सहित निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों को पत्र भेजकर नियमों का पालन करने की बात कही गई थी। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि यह पत्र भेजे हुए चार-पांच दिन हो चुके हैं। अब निरीक्षण कर यह देखा जाएगा कि कहां पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
500 पार एक्यूआई में इन बीमारियों का खतरा
डॉक्टरों के अनुसार, एक्यूआई का स्तर 500 होने का मतलब लोगों में अस्थमा, दिल से जुड़ी समस्याएं, एलर्जी, साइनस, फ्लू और सीओपीडी यानी काला दमा के लक्षण दिखने का खतरा अधिक हो जाता है।
