Good News: अलीगढ़ का एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दुनिया से होगी कनेक्टिविटी
प्रदेश सरकार की वर्ष 2047 तक हर जिले को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना में अलीगढ़ सबसे आगे है। नोएडा में बन रहे एशिया के सबसे बड़े जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी अलीगढ़ को सीधा फायदा मिलेगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार ने ''एक मंडल, एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट'' की महत्वाकांक्षी योजना के साथ प्रदेश के हर मंडल में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे विकसित करने का संकल्प लिया है। इस योजना के तहत अलीगढ़ मंडल में भी एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जाएगा, चूंकि अलीगढ़ में पहले से ही घरेलू हवाई अड्डा मौजूद है, इसलिए इसी को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह कदम अलीगढ़ को उड्डयन के क्षेत्र में एक नई पहचान देगा। प्रदेश सरकार की वर्ष 2047 तक हर जिले को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना में अलीगढ़ सबसे आगे है। नोएडा में बन रहे एशिया के सबसे बड़े जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी अलीगढ़ को सीधा फायदा मिलेगा।
जेवर में बन रहा मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग सेंटर अलीगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में उड्डयन के अन्य क्षेत्रों के विकास को गति देगा। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास कार्गो और ट्रांजिट हब बनने से प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा।
विकास और निवेश को मिलेगी रफ्तार
प्रदेश में अभी तक चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हैं और पांचवां जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जल्द ही शुरू होने वाला है। एक मंडल, एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की योजना से अलीगढ़ में भी निवेश और उद्योग को बड़ी रफ्तार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही हर जिले को न केवल सड़क और एक्सप्रेस-वे से, बल्कि हवाई मार्ग से भी जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है।
मंडलायुक्त संगीता सिंह कहती हैं कि प्रदेश सरकार हवाई कनेक्टिविटी पर बहुत ध्यान दे रही है। आम आदमी के लिए भी यह सुलभ हो, इसी दिशा में काम चल रहा है। इसी क्रम में मंडल स्तर पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है।
क्यों है अहम अलीगढ़ से एयर कनेक्टिविटी
- डिफेंस कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर 2.0 जैसी योजनाएं
- 56 बड़ी कंपनियों ने इन्वेस्ट यूपी के तहत निवेश के लिए एमओयू किया
- 214 बड़ी कंपनियां ग्लोबल यूपी समिट में अलीगढ़ में निवेश के लिए एमओयू की तैयारी में
- पांच नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की तैयारी
उड्डयन कंपनियों ने किया स्वागत
अलीगढ़ से संचालित एयरलाइन बिग फ्लाई के प्रमुख विशाल गर्ग कहते हैं कि सरकार के इस फैसले के कई तरह के लाभ होंगे। अलीगढ़ से दुनिया में निर्यात होता है। हवाई कार्गो सेवाओं के लिए यहां व्यापार मौजूद है। एयर एंबुलेंस और दूसरे देशों के लिए उड़ान होने से अलीगढ़ दुनिया के नक्शे पर होगा। यहां निवेश की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाएंगी।