Aligarh: भारतीय खो-खो टीम में आकाश का चयन, खेलेंगे पहला विश्वकप, गांव में खुशी की लहर
आकाश ने अपने खेल की शुरुआत मिट्टी से की थी। अब वह मैट पर खेल रहे हैं। प्रशिक्षक अजय कुमार राय, प्रशिक्षक दलवीर सिंह बालियान और वलीउज्जमा खान ने आकाश की मदद की है। आकाश के बड़े भाई विकास बालियान तीन बार राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में खेल चुके हैं।
विस्तार
अलीगढ़ जिले के आकाश बालियान खो-खो के राष्ट्रीय फलक में लगातार अपनी चमक बिखेर रहे हैं। उनका चयन भारतीय खो-खो टीम में हो गया है। वह जल्द ही विश्वकप कप खेलेंगे। यह विश्वकप दिल्ली में 13 से 19 जनवरी तक होगा। इसमें श्रीलंका, अमेरिका, इंग्लैंड, मलयेशिया, आस्ट्रेलिया, केन्या, इंडिया, पेरू, दक्षिण अफ्रीका, घाना, अर्जेंटीना, ईरान, नीदरलैंड, ब्राजील सहित 16 देशों की टीम हिस्सा ले रही। भारत का पहला मैच 13 जनवरी को नेपाल से होगा।
उनके चयन से गांव से लेकर शहर तक के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। जिले के इतिहास में आकाश बालियान ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जो भारतीय खो-खो टीम में पुन: चुने गए हैं। विकास खंड टप्पल के गांव बसेरा निवासी रौदास सिंह के बेटे आकाश (22) को कक्षा सात में प्रशिक्षक अजय कुमार राय ने प्रशिक्षण देना शुरू किया था। उन्होंने सर्वोपयोगी इंटर कॉलेज पलसेड़ा में पढ़ाई के दौरान माध्यमिक विद्यालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता, खो-खो फेडरेशन की नेशनल चैंपियनशिप और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में हिस्सा लिया। तीन बार भारतीय टीम का कैंप कर चुके हैं।
मिट्टी से मैट तक पहुंचे आकाश
आकाश ने अपने खेल की शुरुआत मिट्टी से की थी। अब वह मैट पर खेल रहे हैं। प्रशिक्षक अजय कुमार राय, प्रशिक्षक दलवीर सिंह बालियान और वलीउज्जमा खान ने आकाश की मदद की है। आकाश के बड़े भाई विकास बालियान तीन बार राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में खेल चुके हैं।
ये हैं आकाश की उपलब्धियां
- 2012 में खो-खो खेलना शुरू
- 2013 में अंडर-17 नेशनल
- 2014 में अंडर-17 नेशनल
- 2015 में अंडर-19 नेशनल
- 2016 में अंडर-19 नेशनल
- 2016 में जयपुर में नॉर्थजोन में प्रतिभाग
- 2017 में आजमगढ़ में जूनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2017 में सिलीगुड़ी में जूनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2018 में मणिपुर में जूनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2019 में दिल्ली में सीनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2019 में छत्तीसगढ़ में सीनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2022 में मध्यप्रदेश में सीनियर नेशनल में प्रतिभाग
- 2023 में भारतीय टीम में चुने गए
- 2023 में एशियन गेम्स में प्रतिभाग
- 2024 में नेपाल-इंडिया सीरीज में देश की कप्तानी
- 2024 असम में सीनियर नेशनल में प्रतिभाग