{"_id":"6-13505","slug":"Aligarh-13505-6","type":"story","status":"publish","title_hn":"चांसलर से पहले चुने जाएंगे 42 कोर्ट सदस्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चांसलर से पहले चुने जाएंगे 42 कोर्ट सदस्य
Aligarh
Updated Wed, 12 Jun 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
अलीगढ़। अलीगढ़ मुसलिम विश्वविद्यालय के चांसलर, प्रो चांसलर और कोषाध्यक्ष के चुनाव के लिए विवि की तीन गवर्निंग बॉडीज में से सबसे प्रमुख विवि कोर्ट की बुधवार को बैठक हो रही है। दो दिन चलने वाली इस बैठक में विभिन्न श्रेणी की खाली पड़ी 42 सीटों के लिए भी चुनाव होगा। विवि के मामलों के जानकारों का कहना है कि चांसलर पद के लिए पूर्व आईएएस अधिकारी मूसा रजा, अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष वजाहत हबीबउल्लाह, भारत के मुख्य न्यायाधीश अल्तमश कबीर, एएमयू के पूर्व कुलपति महमूद उर रहमान, नसीम अहमद और सैयद हामिद का नाम भी चांसलर पद की दौड़ में है। प्रो. चांसलर पद के लिए अभी तक नवाब इब्ने सईद ऑफ छतारी का ही सामने है। जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री और ओल्ड ब्वायज एसोसिएशन के महासचिव रहे कोकब हमीद का नाम लिया जा रहा है। बैठक बुधवार को सुबह 10.30 बजे एनआरएससी क्लब में शुरू होगी। पहले खाली पड़ी 42 सीटों के लिए चुनाव होगा। इसके बाद चांसलर और अन्य पदों के लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सन 2011 तक भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एएम अहमदी एएमयू के चांसलर रहे थे। कोर्ट की बैठक के लिए देश भर से सदस्यों का अलीगढ़ आना शुरू हो गया है।
विज्ञापन