फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   वीवीआईपी विवाह समारोह के साक्षी बनेंगे राष्ट्रपति

वीवीआईपी विवाह समारोह के साक्षी बनेंगे राष्ट्रपति

Fri, 02 Mar 2018 12:08 AM IST
Updated Fri, 02 Mar 2018 12:08 AM IST
विज्ञापन
वीवीआईपी विवाह समारोह के साक्षी बनेंगे राष्ट्रपति
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन


सात मार्च... सात फेरे... ये फेरे किसी सामान्य शख्स की नातिन के फेरे नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की नातिन (पूर्णिमा सिंह) के फेरे होंगे। इस वीवीआईपी (वेरी वेरी इंपोर्टेंट पर्सन) विवाह समारोह के साक्षी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बनेंगे।

वह शहर में करीब तीन घंटे ठहरेंगे। उनके आने की अनौपचारिक जानकारी आ चुकी है। वहीं, इस समारोह में कई प्रदेशों के राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। सात मार्च अलीगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन होगा, जब इतनी तादाद में राज नेता, जनप्रतिनिधि जुटेंगे।
विज्ञापन


वीवीआईपी विवाह समारोह में यूं तो राष्ट्रपति का औपचारिक कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है, लेकिन एक अनुमान के मुताबिक वह शहर में तीन घंटे ठहरेंगे। उनका उड़न खटोला नुमाइश मैदान में बने हैलीपैड पर करीब सुबह 11:50 से 12 बजे के बीच उतरेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


एयरफोर्स का फ्लीट भी यहीं लैंड करेगा। वह कार से एएमयू के 65वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। वहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह वापस राज्यपाल कल्याण सिंह की नातिन के विवाह समारोह में शामिल होने मस्कट फार्म हाउस रवाना होंगे।

बताते हैं कि राष्ट्रपति करीब 25-30 मिनट शादी में रुकेंगे। इससे पहले वह ज्यादातर वक्त एएमयू में ही गुजारेंगे। शहर में तीन घंटे रुकने के बाद दोपहर को हेलीकाप्टर से वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आना लगभग तय
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीवीआईपी विवाह समारोह में शामिल होना लगभग तय हो गया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद वह तीसरी बार अलीगढ़ आ रहे हैं। इससे पहले वह नगर निगम के एटूजेड प्लांट का शुभारंभ करने आए थे तो दूसरी बार वह नगर निगम के चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी डॉ. राजीव अग्रवाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आए थे।

तीन राज्यपाल व पांच मुख्यमंत्री की सूचना मिली
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की नातिन, प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की बहन, पूर्व मंत्री प्रेमलता वर्मा व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू की बेटी पूर्णिमा सिंह के विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी व उत्तराखंड के राज्यपाल कृष्णकांत पॉल के शामिल होने की सूचना मिल गई है।

इनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद सिंह रावत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने का इनपुट भी मिल गया है।

हालांकि, इन वीवीआईपी का राजकीय कार्यक्रम जिला प्रशासन के पास नहीं आया है, लेकिन राज पैलेस (कल्याण सिंह का आवास) ने यह जानकारी जिला प्रशासन को मुहैया कराई है। इनके अलावा कई केंद्रीय व राज्यों के मंत्री शिरकत करेंगे।

आठ हैलीपैड पर उतरेंगे उड़नखटोले
राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री व अन्य अतिथियों के हेलीकाप्टर उतरने के लिए आठ हैलीपैड बनाए गए हैं। चार हैलीपैड धनीपुर हवाई पट्टी पर होंगे, जबकि चार हैलीपैड सारसौल चौराहे के पास रोडवेज वर्कशॉप मैदान में बनाए जा रहे हैं। हेलीकाप्टर निरंतर अंतराल पर उतरेगा और उड़ान भरेगा। इसके लिए बाकायदा दिशा-निर्देश दिए जाते रहेंगे, क्योंकि अतिथियों का जमावड़ा खूब रहेगा।

एडीजी आगरा जोन ने हैलीपैड और एएमयू का किया मुआयना
नुमाइश मैदान में हैलीपैड पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का हेलीकाप्टर उतरेगा। इस हैलीपैड क्षेत्र का एडीजी आगरा जोन अजय आनंद ने मुआयना किया। उन्होंने अपने अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने वह रूट भी देखा, जिस रूट से राष्ट्रपति का काफिला एएमयू और फिर एएमयू से वापस शादी समारोह और वहां से वापस हैलीपैड स्थल पहुंचेगा। इस दौरान रास्ते पर जीरो ट्रैफिक रखने व अन्य बाधकों को हटवाने संबंधी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने एएमयू एथलेटिक्स ग्राउंड जाकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ आईजी डॉ.संजीव गुप्ता, डीएम ऋषिकेश भाष्कर याशोद, एसएसपी राजेश पांडेय सहित मंडल एवं जिले के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे।

होटल बुक, अधिकारी ठहरेंगे गेस्ट हाउस में
विवाह समारोह में शामिल होने आ रहे मेहमानों के लिए राज पैलेस ने शहर के सभी होटल बुक करा लिए हैं। होटल बुक होने के चलते राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उनकी सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को पहले डेरा डालना है। इसलिए उच्च अधिकारी सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरेंगे, जबकि दूसरी रैंक के अधिकारी गेस्ट हाउस व धर्मशाला में रुकेंगे।

सरकारी वाहनों का होगा अधिग्रहण
सात मार्च को बड़ी तादाद में वीवीआईपी के आने से सरकारी वाहनों को अधिग्रहण किया जाएगा। हालांकि, कितने वाहनों को अधिग्रहण किया जाएगा, इसका खुलासा नहीं हो सका है। कुछ वाहन अधिग्रहण किए जा चुके हैं। इन वाहनों में सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी व कर्मचारी चलेंगे।


वीडियो कांफ्रेंसिंग से लिया तैयारियों का जायजा
बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन की तैयारियों का जायजा प्रदेश के मुख्य सचिव व डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर यशोद व एसएसपी राजेश पांडेय से लिया। वीडियो कांफ्रेसिंग में एएमयू के पंडाल कमेटी के अध्यक्ष प्रो. जमाल ए खान मौजूद रहे। एएमयू पीआरओ आफिस के एमआईसी प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल लेकर जाने की अनुमति नहीं है। पंडाल में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए जा रहे थे। मुख्य सचिव ने चार के बदले आठ गेट बनवाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने टेंट की ऊंचाई, लंबाई आदि के बारे में जानकारी ली। पंडाल में फायर प्रूफ स्प्रे करने का निर्देश दिया। दीक्षांत समारोह के मंच पर पहुंचने के पहले पंडाल में राष्ट्रपति जहां गाउन पहनेंगे (राविंग रूम), वहां विशेष इंतजाम के निर्देश दिये। मंच के पास हॉट लाइन की भी व्यवस्था की जाएगी। हर गेट पर ड्रम एवं बालू-बेलचा आदि रखे जाएंगे। प्रो. किदवई ने बताया कि मंडल एवं जिले के तमाम बड़े अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed