Aligarh: कूड़ा फेंकने वाले 51 हजार घरों से वसूला जाएगा चार करोड़, दो कंपनियों पर लगाया 50 लाख जुर्माना
अलीगढ़ शहर से 51 हजार ऐसे घरों को चिन्हित किया गया है जो कूड़ा बाहर फेंकते हैं। इन पर अब जुर्माना लगाया जाएगा। पांच हजार घरों को नोटिस जारी हो चुका है, 46 हजार को 10 जनवरी तक नोटिस मिल जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ नगर निगम ने लापरवाही पर अर्बन एन्वायरोटेक प्रालि. पर 40 लाख और ग्रीन फ्यूचर कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा बाहर कूड़ा डालने वाले 51 हजार घरों को चिह्नित किया गया है। इनसे चार करोड़ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। पांच हजार घरों को नोटिस जारी हो चुका है, 46 हजार को 10 जनवरी तक नोटिस मिल जाएगा।
नगर निगम के अधिकारियों और विभिन्न कंपनियों के पदाधिकारियों की बैठक 14 दिसंबर को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में हुई। इसमें अर्बन कंपनी पर बेसिक हाउस होल्ड सर्वे डाटा न देने, सॉफ्टवेयर एपीआई इंटीग्रेशन न करने एवं वाहन मॉनिटरिंग सिस्टम न सुधारने पर 30 लाख, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई में लापरवाही पर पांच लाख तथा गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) हटाने में धीमी प्रगति पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। कंपनी को 24 घंटे में डाटा सौंपने एवं 30 दिसंबर तक सभी सिस्टम दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए है।
इसके अलावा ग्रीन फ्यूचर कंपनी पर एमआरएफ सेंटरों का सुचारु संचालन न करने एवं सूखे कचरे के पृथक्करण-पुनर्चक्रण में कोताही पर 10 लाख जुर्माना लगाया गया है। मौके पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त द्वितीय शुभांशु कटियार, अपर नगर आयुक्त प्रथम राकेश कुमार यादव, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, मुख्य अभियंता भूपेन्द्र कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जल) प्रमोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक दिलाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सफाई व्यवस्था में सुधार और लोगों के व्यवहार में परिवर्तन लाने के लिए टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। कंपनियों के साथ आम जन को भी स्वच्छता के प्रति सजग रहना होगा, अन्यथा जुर्माना और चालान के लिए तैयार रहे। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त