{"_id":"63dd6d052158645c6630bc9f","slug":"100-crore-rupees-of-the-shareholders-of-aligarh-drowned-aligarh-news-c-2-ali1009-36393-2023-02-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: गौतम अदाणी शीर्ष 20 से जो हुए बाहर, एक हफ्ते में अलीगढ़ के शेयर धारकों के डूबे 100 करोड़ रुपये","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: गौतम अदाणी शीर्ष 20 से जो हुए बाहर, एक हफ्ते में अलीगढ़ के शेयर धारकों के डूबे 100 करोड़ रुपये
Sat, 04 Feb 2023 09:09 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 04 Feb 2023 09:09 AM IST
सार
अडाणी समूह में निवेश करने वाले दुनिया भर के निवेशकों के अरबों रुपये डूब गए हैं। अलीगढ़ के शेयर बाजार के पंडितों का कहना है कि जिले के निवेशकों के भी 100 करोड़ रुपये बीते कुछ दिनों में डूब गए हैं।
विज्ञापन
शेयर बाजार
- फोटो : iStock
विस्तार
अदाणी ग्रुप के संचालक गौतम अदाणी एक हफ्ते पहले दुनिया भर के अमीरों की सूची में नंबर दो पर थे। शुक्रवार को वह शीर्ष-20 से बाहर हो गए हैं। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद बाजार में उनकी कंपनियों के शेयर औंधे मुंह गिरे हैं। अडाणी समूह में निवेश करने वाले दुनिया भर के निवेशकों के अरबों रुपये डूब गए हैं। अलीगढ़ के शेयर बाजार के पंडितों का कहना है कि जिले के निवेशकों के भी 100 करोड़ रुपये बीते कुछ दिनों में डूब गए हैं।
विज्ञापन
सीधे-सीधे अदाणी समूह के शेयरों में अलीगढ़ से 100 करोड़ का निवेश है। अंबुजा व एसीसी सीमेंट के शेयरों में भी लोगों का काफी धन फंसा है। अदाणी ग्रुप के शेयरों में आई गिरावट का असर निजी व सरकारी क्षेत्र के बैंकों के शेयरों पर भी पड़ा है। इस समूह के कारण बाजार में आई अस्थिरता से निवेशकों का 200 करोड़ रुपये से ज्यादा फंस गया है। भारी आर्थिक चपत खा चुके निवेशकों के पास इंतजार करने के सिवाय दूसरा कोई चारा नहीं है।
विज्ञापन
जल्दबाजी में शेयर बेचने वाले भारी नुकसान उठा रहे हैं। फिलहाल ज्यादातर निवेशक इंतजार करने के मूड में हैं। कई ऐसे भी हैं जो इस स्थिति में अडाणी समूह के शेयर खरीदना चाहते हैं। क्योंकि इनका मानना है कि जल्द ही अडाणी के शेयरों की स्थिति सुधर जाएगी।
विज्ञापन
बोले शेयर बाजार के स्थानीय विशेषज्ञ
दस दिन में अदाणी ग्रुप व उनके द्वारा खरीदी गई कंपनियों के शेयर लगातार गिरे हैं। अब ब्रोकर कंपनियों ने इस ग्रुप के शेयर खरीदने की सलाह देना बंद कर दिया है। इस ग्रुप के होल्ड शेयरों के बदले दूसरे शेयर खरीदने की वैल्यू भी शून्य कर दी है। इसके सुधार में कितना समय लगेगा, यह कहना मुश्किल है। निवेशकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। -अतुल गुप्ता, ब्रांच हैड जीओजिट फाइनेंस
कीमत गिरने के बाद लोग अदाणी ग्रुप के शेयर खरीदने की सलाह मांग रहे हैं। मगर हमारे स्तर से ये खरीदारी का सही वक्त नहीं है। निवेशक अपनी जोखिम पर खरीदें। हां, जिनके रुपये फंस गए हैं, वे इंतजार करें। उम्मीद है कि अदाणी समूह की ओर से निवेशकों के लिए कोई राहत भरा निर्णय लिया जाएगा। -संजय माहेश्वरी, शेयर बाजार विश्लेषक
अदाणी ग्रुप में जो रकम फंसी हुई है, उसको ज्यों का त्यों भुला दिया गया है। अब दूसरी कंपनियों व बैंकों के शेयरों के जरिये अपने नुकसान की भरपाई का प्रयास किया जा रहा है ताकि जो फंसी हुई रकम है वह निकल सके। -रीतेश भूतड़ा, निवेशक
अदाणी समूह में हलचल व बजट पेश होने के बाद शुक्रवार को बाजार बैंकिंग सेक्टर में अच्छे संकेत के साथ बंद हुआ है। कुछ अन्य सेक्टरों में भी सुधार हुआ है। अब सोमवार को बाजार गति पकड़ेगा। निवेशकों को सलाह है कि अन्य सेक्टरों पर ध्यान दें। -दीपक राठी, शेयर ब्रोकर