ससुराल में युवक की मौत, बहन और पत्नी के आरोपों में उलझी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के एक युवक का शव मथुरा स्थित उसकी ससुराल में पंखे से लटका मिला। गले में चादर का फंदा कसा हुआ था। मोहल्ला तेलीपाड़ा में बुधवार की रात हुई घटना के बाद पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने शव को पंखे से उतारा। मृतक की पत्नी नंदोई पर प्रताड़ना का आरोप लगा रही है, जबकि मृतक की बहन ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दोनों ओर से तहरीर दी गई है।
थाना गोविंदनगर के मोहल्ला तेलीपाड़ा निवासी मुन्नीबाबू अग्रवाल की बेटी पूजा का विवाह साल 2007 में आगरा के कैलाशपुरी, हलवाई की बगीची हरीपर्वत मेंहरीशचंद अग्रवाल के बेटे सचिन अग्रवाल (38) से हुआ था। आगरा की जूता फैक्ट्री में काम करने वाला सचिन पत्नी और बच्चों के साथ 30 सितंबर को अपनी ससुराल गया था।
बुधवार की रात दो बजे सचिन का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सचिन के परिजनों को जानकारी दी गई। मृतक की जयपुर हाउस निवासी बहन शालिनी अग्रवाल पत्नी सुरेंद्र अग्रवाल परिवार को लेकर मथुरा पहुंच गई।
बहन शालिनी ने तहरीर में कहा है कि सचिन का ससुर पर लाखों रुपये उधार था। वह इसे लेने के लिए ही ससुराल आया था। पैसा वापस न करना पड़े इसलिए गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं मृतक की पत्नी पूजा ने नंदोई सुरेंद्र पर पति को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया।
पत्नी का कहना है कि नंदोई के प्रताड़ना के चलते ही सचिन ने आत्महत्या कर ली।
प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मृतक सचिन के लोअर की जेब में एक पर्चा मिला है। इसमें करीब 15 लाख रुपये का लेन-देन का हिसाब है। मृतक के लाखों रुपये ससुरालवालों पर थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।