Agra: बारिश के मौसम में भी पानी के लिए तरस रही यमुना, तीन दिन में आठ इंच घटा जलस्तर
बारिश के मौसम में जहां यमुना पानी के लबालब नजर आती थी, वहीं इन दिनों हाल बेहद बुरा है। इस मौसम में भी यमुना का जलस्तर लगातार कम होता जा रहा है। तीन दिन में यमुना का जलस्तर आठ इंच तक घटा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी आगरा में बरसात के दिनों में यमुना पानी को तरस रही है। तीन दिन में जलस्तर आठ इंच घट गया है। 18 जुलाई को वाटर वर्क्स पर 484.90 फुट पर बह रही यमुना बृहस्पतिवार को 484.10 फुट जलस्तर रहा। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार पहाड़ों में बारिश थमने के कारण ओखला व अन्य बैराजों से यमुना में होने वाला जल प्रवाह भी थम गया है।
हरियाणा के यमुना नगर स्थित ताजेवाला (हथिनीकुंड) बैराज डिस्चार्ज 344 क्यूसेक रह गया है। ओखला बैराज से बृहस्पतिवार को अधिकतम 2538 क्यूसेक और गोकुल से यमुना में 3706 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बैराजों से लगातार डिस्चार्ज नहीं होने के कारण जलस्तर बढ़ने की जगह घट रहा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार को वाटर वर्क्स पर जलस्तर 484.10 फुट था। सोमवार को यह 484.90 फुट था। इस तरह तीन दिन में आठ इंच पानी नदी में कम हो गया है। उन्होंने कहा आगामी दिनों में अगर बारिश नहीं होती तो जलस्तर में और कमी आ सकती है। वाटर वर्क्स पर यमुना का फ्लड लेवल 499 फुट है।
चंबल में छोड़ा 1.25 लाख क्यूसेक पानी
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार धौलपुर से चंबल नदी में बृहस्पतिवार को 1.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। धौलपुर में चंबल 126 मीटर पर बह रही है। पिनाहट में चंबल का जलस्तर 117 मीटर है। यहां बाढ़ का निशान 130 मीटर पर है।