आगरा: साहसी महिलाओं ने पकड़ा शातिर ठग, चप्पलों से पीटा, एटीएम कार्ड बदल निकाले थे 25 हजार रुपये
आगरा में महिला का एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले युवक को साहसी महिलाओं ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे जमकर पीटा। आरोपी युवक ने भगवान टाकीज पर मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलकर एक महिला के खाते से 25 हजार रुपये निकाले थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के भगवान टाकीज चौराहे पर एटीएम बूथ में मदद का झांसा देकर एक ठग ने महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। महिला बैंक में एटीएम कार्ड बंद कराने पहुंची। वहां पर ठग एटीएम बूथ से बाहर निकलता मिल गया। महिला ने उसे पहचान लिया। साहस दिखाते हुए उसे सहेली की मदद से पकड़ लिया। उसकी चप्पल से पिटाई लगाई। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
कालिंदी विहार के किरन बाग निवासी नीतू चौधरी पत्नी योगेश कुमार शनिवार दोपहर को एक बजे परिचित नीतू शर्मा के साथ भगवान टाकीज खरीदारी करने आई थीं। वह पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से कैश निकालने पहुंचीं। कार्ड लगाने पर कैश नहीं निकला। पीछे खड़ा युवक आया। उसने कार्ड लगाया। इस दौरान उनका कार्ड बदल दिया।
उसने कहा कि दूसरे एटीएम से कैश निकाल लो। यहां सर्वर डाउन है। नीतू चौधरी बाहर आ गईं। उनके मोबाइल पर कुछ देर बाद खाते से 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने पति योगेश को जानकारी दी। उन्होंने कालिंदी विहार स्थित यूनियन बैंक आकर एटीएम कार्ड बंद कराने के लिए बोला। इस पर दोनों यूनियन बैंक पर आईं।
एटीएम बूथ पर शातिर को पकड़ा
उनको बैंक के पास एक युवक नजर आया। वह वही था, जो भगवान टाकीज पर एटीएम बूथ में मिला था। महिलाओं ने उसको पकड़ लिया। युवक भागने लगा। महिलाओं ने उसकी पिटाई की। लोगों की भीड़ जुट गई। जब महिलाओं ने बताया कि युवक ने उनके रुपये खाते से निकाले हैं तो लोग भी उसकी पिटाई करने लगे। सूचना पर दो सिपाही पहुंचे। मगर, लोग उनसे भी भिड़ गए।
थाना एत्माद्दौला से फोर्स पहुंचा। पुलिस ने युवक को बचाया। उसे न्यू आगरा थाना भेज दिया। थाना न्यू आगरा के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार का कहना है कि एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये निकाले गए थे। इस पर महिला ने युवक को पकड़ लिया। उसे कुछ लोग थाना लेकर आए हैं।
बुलंदशहर का निवासी बता रहा था युवक
महिलाओं का कहना था कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम बुलंदशहर निवासी बिल्लू बताया। उसके पास से 25 से अधिक एटीएम कार्ड मिले। घटना की जानकारी न्यू आगरा पुलिस को दी गई। महिलाओं को तहरीर देने के लिए बोला गया है।
सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल हो गया। इसमें महिला कह रही है कि युवक ने 25 हजार निकाले हैं। 25 हजार देगा तभी जाएगा। वहीं लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। युवक के खून निकल रहा है। उसके कपड़े भी फट गए हैं। दो पुलिसकर्मी उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। मगर, महिलाएं नहीं मानती हैं।