Agra News: तीन घंटे की बारिश से ताजनगरी की सड़कों पर हुआ जलभराव, घरों-दुकानों में भी भरा पानी
रविवार की तीन घंटे की बारिश ने नगर निगम को आईना दिखा दिया। शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। घरों और दुकानों में भी पानी भर गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में रविवार को तीन घंटे तक हुई बारिश से शहर की कई बस्तियां लबालब हो गईं। कॉलोनियों में भी दो से तीन फुट तक पानी भर गया। कई जगह घरों और दुकानों में पानी घुस गया। जलभराव के कारण बिजलीघर, फतेहाबाद रोड, बोदला रोड पर लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
शहर में बारिश से होने वाले जलभराव से लोगों को मुक्ति नहीं मिल सकी है। रविवार को सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश दोपहर 12 बजे तक चलती रही। इससे लोहामंडी, बेसन की बस्ती, तोता का ताल, पश्चिमपुरी, अलबतिया रोड पर दो से तीन फुट तक पानी भर गया। बिजलीघर रेलवे पुल के नीचे पानी भर गया।
घरों और दुकानों में भरा पानी
रोशन मोहल्ला, काजीपाड़ा जैसे निचले इलाकों में घरों व दुकानों तक पानी भर गया। पक्की सराय, मुगल पुलिया, नुनिहाई, कमला नगर में ब्रज धाम कॉलोनी में भी जलभराव से लोगों को जूझना पड़ा। सेंट जोंस चौराहे पर भी पानी की निकासी नहीं होने का कारण वाहन फंसे रहे।
इसी तरह चर्च रोड पर भी जलभराव से लोगों को निजात नहीं मिल सकी। मदिया कटरा रोड पर इस बार जलभराव तो हुआ मगर नाले की सफाई के कारण पानी जल्दी ही निकल गया। हाईवे पर सुल्तानगंज की पुलिया, खंदारी, सिकंदरा, वाटर वर्क्स पर पानी भर गया।
हाईवे अथॉरिटी की टीमों ने पंप लगाकर पानी निकाला मगर गुरुद्वारे के सामने फ्लाईओवर के नीचे पानी दोपहर बाद तक भरा रहा। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने बताया कि जलभराव की समस्या होने पर पंपिंग मशीनों से पानी निकासी करवाई गई।
इन इलाकों में भरा पानी
बिजलीघर चौराहा
न्यू राजा मंडी रोड
राजा की मंडी स्टेशन रोड
तोता का ताल
बेसन की बस्ती
नाला बुढ़ान सैयद रेलवे ट्रैक
मारुति स्टेट रोड
मानस नगर
रामनगर की पुलिया
अलबतिया रोड