Agra: सोच समझ कर खर्च करें पानी, अब इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट मीटर से हर महीने बिजली की तरह आएगा बिल
सत्रह हजार से अधिक घरों में अब पानी के लिए स्मार्ट मीटर लगेंगे। ताजगंज और आसपास के क्षेत्र के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू हो गया है। हालांकि 24×7 पायलट प्रोजेक्ट में पानी का टैरिफ अभी तय नहीं हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बिजली की तरह पानी की आपूर्ति भी अब स्मार्ट मीटर से होने वाली है। ताजगंज और स्मार्ट सिटी के एबीडी क्षेत्र में 17,225 घरों में पानी के लिए स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। घर के बाहर की दीवार पर ब्लैक बॉक्स के अंदर इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी ने हर दिन औसतन 20 घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा है। मीटर के जरिए पानी आपूर्ति की यह व्यवस्था आगरा में 26 साल के बाद शुरू हो रही है। इसके जरिए हर घर की जरूरत और खर्च होने वाले पानी की ही कीमत वसूली जाएगी। हालांकि इसका टैरिफ अभी तय नहीं किया गया है। बसई, ताजगंज से स्मार्ट मीटर लगाने की शुरूआत की गई है।
कमांड सेंटर पर हर घर की रीडिंग आएगी नजर
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से पानी के लिए लगाए जा रहे मीटर स्मार्ट हैं और सीधे इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़े रहेंगे। ये लोरा नेटवर्क के जरिए कमांड सेंटर से ही देखे जा सकेंगे। इनकी रीडिंग के लिए कर्मचारियों को घर-घर जाने की जरूरत नहीं होगी। कमांड सेंटर पर बैठकर ही हर घर की रीडिंग रिकॉर्ड की जा सकती है। अगर पानी की आपूर्ति में कोई व्यवधान है तो उसका ब्योरा भी कमांड सेंटर में मिल सकेगा। इसके अलावा कंपनी हर जलाशय और टंकी पर भी मीटर लगाएगी, जिससे उस क्षेत्र की जलापूर्ति और पानी बर्बाद होने का ब्योरा पता चल सके।
26 साल बाद घरेलू कनेक्शन पर मीटर
ताजनगरी में 1996 के बाद घरेलू कनेक्शनों में पानी के मीटर की व्यवस्था खत्म कर दी गई थी। तब से अब तक 26 साल में जलकल विभाग उपभोक्ताओं से जलमूल्य और जलकर आधारित बिल भेजता रहा है। 1996 से पहले जो मीटर पानी की लाइन में लगाए गए थे, वह मैकेनिकल थे और प्रेशर आधारित थे, लेकिन नए मीटर स्मार्ट हैं और बिजली की तरह से कम प्रेशर से सप्लाई पर भी यूनिट रिकार्ड करेंगे।
बिजली, पीएनजी के बाद पानी के स्मार्ट मीटर
ताजगंज और स्मार्ट सिटी के एबीडी एरिया के 17,225 घरों के बाहर दीवार पर तीन-तीन मीटर लगे हुए नजर आएंगे। 11 साल पहले टोरंट पावर कंपनी के विद्युत मीटर घरों से बाहर की दीवार पर लगने शुरू हुए। उसके बाद ग्रीन गैस कंपनी ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देने पर मीटर लगाया। अब तीसरा मीटर आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी का है, जो काले रंग के पीवीसी बॉक्स के अंदर होगा।
पूरी तरह ऑटोमेटिक, बॉक्स पर होगा लॉक
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी के पीएमसी लीडर आनंद मेनन ने बताया कि जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से ताजगंज को 24×7 पानी देने की योजना में मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह पूरी तरह से ऑटोमेटिक मीटर हैं, जो ब्लैक बॉक्स में अंदर रहेंगे। इनकी रीडिंग इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नजर आएगी। मीटर से छेड़छाड़ न हो, इसलिए बॉक्स पर लॉक होगा।