फिरोजाबाद में बुखार का प्रकोप: नगला अमान में 24 घंटे में दो और मौत, घर-घर लग रही मरीजों के ड्रिप
स्वास्थ्य विभाग गांव में एक दिन कैंप लगाने के बाद चुप्पी साध ली है। आसपास के गांवों में बुखार का असर दिखाई दे रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौसम का परिवर्तन लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है। तेज बुखार से लोग बेहाल है। प्लेटलेट्स भी घट रही हैं। गांव नगला अमान में पिछले 24 घंटे में दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव में 50 से ज्यादा और लोग बीमार हैं। घर-घर लोगों के ड्रिप चढ़ाई जा रही हैं। लोग फिरोजाबाद और आगरा के निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग गांव में एक दिन कैंप लगाने के बाद चुप्पी साध ली है। आसपास के गांवों में बुखार का असर दिखाई दे रहा है।
नगला अमान निवासी रामनिवास (55) पुत्र विद्याराम और विमला देवी (50) पत्नी ज्ञानसिंह शुक्रवार को देर रात्रि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी डरे हुए हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों को कई दिनों से बुखार था। इधर, गांव में अन्य लोग बीमार हैं। घर-घर चारपाइयां बिछी हुईं हैं। कई परिवारों में सभी सदस्य बीमारी से पीड़ित हैं। अधिकांश को बुखार के साथ प्लेटलेट्स कम होने की शिकायत आ रही है।
जिन लोगों की तबियत ज्यादा खराब है, वो फिरोजाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं। कुछ मरीज तो आगरा के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। क्षेत्रीय निवासी यादवेंद्र ने बताया कि पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम आई और दवा देकर चली गई। लोगों को सुधार नहीं हुआ तो मरीज प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। 30 से ज्यादा मरीज आगरा और फिरोजाबाद में भर्ती हैं। 50 से ज्यादा मरीज गांव में बीमार हैं। उन्होंने बताया कि ज्यादा लोग डेंगू का इलाज करा रहे हैं।
गंदगी और जलभराव बना है कारण
जिन इलाकों में वायरल बुखार फैल रहा है। उनमें गंदगी और जलभराव कारण बना हुआ है। नगला अमान में सरकारी पानी की टंकी थी, जिसके आसपास लोग गंदगी और जलभराव था। जिसमें लोग पेयजल भर रहे थे। दूषित पानी बीमारी का कारण है। इसी तरह ऐलान नगर में भी जलभराव के कारण बीमारियां फैल रही हैं।
ऐलान नगर में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें, बांटी गई दवा
ऐलान नगर में वायरल बुखार की स्थिति नियंत्रण में नहीं आई है। तीन लोगों की मौत के बाद लोग डरे हुए है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ला ऐलान नगर में शिविर लगाकर दवा का वितरण किया। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी भी क्षेत्र में बने रहे। सीएमओ ने घर-घर जाकर लोगों का हाल पूछा।
इधर, नगर निगम की टीमों ने खाली प्लांटों में जलभराव और गंदगी को हटाने का काम प्रारंभ कर दिया है। आशाओं के माध्यम से बीमार लोगों के घरों पर कैंप की सूचना दी गई। हालांकि दोपहर एक बजे तक कोई भी लैब टैक्नीशियन मौजूद नहीं था। इससे किसी के ब्लड़ सैंपल नहीं लिए जा सके। सीएमओ ने भी दो टीमें अतिरिक्त भेजकर मॉनिटरिंग कराई। लोगों को साफ-सफाई के निर्देश दिए। सीएमओ ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि जिसकी हालत ज्यादा खराब है, उसे एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाए।
सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ का कहना है कि स्वयं जाकर क्षेत्रों में निरीक्षण कर रहे हैं। टीमों को भेजकर दवा का वितरण कराया गया है। जिन इलाकों में वायरल फैला हुआ है, उनमें टीमें भेजी जा रही हैं। स्थिति अभी नियंत्रण में हैं। लोग स्वच्छता का पूरा ध्यान दें। दवा समय से लेते रहें। - डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, सीएमओ