आगरा: प्रेम विवाह करने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार, युवक ने एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
आगरा जिले में प्रेम विवाह करने वाले युवक के परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी ऑफिस में प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विस्तार
आगरा जिले के अछनेरा क्षेत्र के गांव कीठम निवासी श्रीकृष्ण शर्मा ने एसएसपी ऑफिस में प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। उसने बताया कि सात साल पहले उसके भाई सुनील ने अंतरजातीय विवाह किया था। तब से गांव के लोगों ने उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर रखा है।
श्रीकृष्ण शर्मा ने आरोप लगाया कि तब पंचायत भी की गई थी। छह लाख रुपये दावत पर खर्च करवाए गए। इसके बावजूद परिवार का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण जारी है। घर से बाहर निकलने पर लोग कमेंट करते हैं।
31 जुलाई को गांव के लोग घर आए। उन्होंने कहा कि गांव में रहना है तो लोगों की दावत करानी होगी या फिर दो लाख रुपये देने होंगे। यह वही लोग थे, जिन्होंने पूर्व में पंचायत की थी। इनकी वजह से परिवार के लोगों को गांव छोड़कर जाना पड़ा था। पीड़ित ने सुरक्षा की मांग की।
सीओ ने कहा, आरोप की नहीं हुई पुष्टि
सीओ महेश कुमार ने बताया की मामले की शिकायत पर जांच करने गांव में गए। गांव में एक जाति के लोग ज्यादा रहते हैं। उनसे पूछताछ की गई। शिकायतकर्ता के भाई का प्रेम विवाह के बाद से परिवार के लोगों में ही आना-जाना बंद है। उनकी परिवार के लोगों से ही बातचीत चल रही थी।
दावत कराने और दो लाख रुपये मांगने के आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी है। जातीय तनाव की भी बात सामने नहीं आई है। गांव में पूरी तरह से शांति बनी है। फिर भी पीड़ित की शिकायत पर जांच जारी है। पूर्व और वर्तमान प्रधान पक्ष का भी विवाद सामने आया है।
उधर, ग्राम प्रधान के पति मुरारीलाल ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं। प्रधानी के चुनाव में हार पर साजिश के तहत गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।