फिरोजाबाद: स्कूल में झुलसी रसोइया की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम
- एसडीएम और बीएसए ने परिजनों को दिया आर्थिक मदद का आश्वासन
- शिक्षा विभाग ने दिए पांच लाख, बेटी को नौकरी, पांच लाख का मिलेगा किसान दुर्घटना बीमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के गांव ठार गोला स्थित प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद में छह दिन पूर्व गैस सिलिंडर में आग लगने से जली रसोइया की शुक्रवार को उपचार के दौरान आगरा के अस्पताल में मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और बीएसए ने परिजनों को आर्थिक मदद का आश्वासन देते हुए रसोइया का अंतिम संस्कार करा दिया।
थाना नगला सिंघी के गांव ठार गोला स्थित प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद में गत 27 फरवरी को स्कूल खोलने की तैयारियों के बीच रसोई में गैस सिलिंडर से लगी आग में रसोइया सिमरा देवी जल गई थी। उनका आगरा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार सुबह सिमरा देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग करते हुए मृतका के शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेश वर्मा, सीओ देवेंद्र कुमार और बीएसए अरविंद पाठक और तहसीलदार डॉ. गजेंद्रपाल सिंह के आश्वासन व आर्थिक मदद देने के बाद मृतका का अंतिम संस्कार हुआ।
शिक्षा विभाग से थे ग्रामीण नाराज
शिक्षा विभाग का उपचार में सहयोग न मिलने पर बीते सोमवार से परिजन ग्रामीणों संग स्कूल पर ताला लगाकर धरने पर बैठे थे। रसोइया के भतीजे रामनरेश ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्रामीण और परिजन शिक्षक व शिक्षाधिकारियों के अस्पताल तक न पहुंचने पर नाराज थे। इसी के चलते तभी से परिजन स्कूल के बाहर धरने पर बैठे थे।
चंदा करके करा रहे थे रसोइया का उपचार
मृतक के परिजनों ने कहा कि शिक्षा विभाग आग से जली सिमरादेवी की सहायता के लिए आगे नहीं आया। ग्रामीण द्वारा दिए गए चंदे से उनका उपचार करा रहे थे।
प्रधानाध्यापिका को किया सस्पेंड, की पांच लाख की आर्थिक मदद
मृतका रसोइया के गांव पहुंचे बेसिक शिक्षाधिकारी अरविंद पाठक ने परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रधानाध्यापिका रेनू यादव को सस्पेंड किए जाने का पत्र दिखाया। साथ ही अन्य शिक्षक, शिक्षिकाओं का स्थानांतरण कर दिया। उन्होंने शिक्षाविभाग की ओर से मृतक आश्रितों को पांच लाख रुपये का चेक दिया।
इतना ही नहीं रसोइया की बेटी को उसकी जगह नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। बीएसए पाठक ने बताया कि जिलाधिकारी के माध्यम से भी शासन स्तर से आर्थिक मदद के लिए लिखा है। इंडियन ऑयल से भी गैस सिलेंडर लीकेज का क्लेम किया है। शिक्षा विभाग रसोइया के साथ पूरी तरह खड़ा है।
शिक्षकों को दिलाया जाएगा आग बुझाने का प्रशिक्षण
बीएसए ने बताया कि कोविड के चलते आग बुझाने के यंत्रों का इस बार प्रशिक्षण नहीं हो सका था। इसके चलते स्कूल में आग बुझाने का यंत्र होने के बावजूद आग को बुझाया नहीं जा सका था। जल्द ही एफएसओ से मिलकर सभी शिक्षकों को पुन: आग बुझाने का प्रशिक्षण दिलाया जायेगा। गैस चूल्हा, सिलिंडरों की जांच कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
टूंडला के उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि रसोइया पर कुछ बीघा जमीन है। इसके चलते नियमानुसार किसान बीमा दुर्घटना के तहत मृतक आश्रितों को पांच लाख रुपया आर्थिक मदद के लिए शासन को लिखा है। इसमें जो भी संभव होगा वह आश्रितों को मदद दिलाई जाएगी।