Mainpuri: अनुसूचित जाति के युवक को भंडारे में नहीं परोसने दिया खाना, न खाने दिया, आरोपियों ने पीटकर भगाया
गांव अकबरपुर में भागवत कथा के समापन के बाद अनुसूचित जाति का युवक खाना परोसने लगा। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने विरेाध करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर युवक को पीटकर घायल कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर औंछा में ओम ऋषि आश्रम पर अनुसूचित जाति के युवक ने भंडारे में खाना परोसा तो लोग भड़क गए। युवक को जातिसूचक गालियां दी गईं। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे भंडारे से भगा दिया। पीड़ित युवक ने थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक गांव अकबरपुर औंछा के ओम ऋषि आश्रम पर भागवत कथा का आयोजन कराया गया था। मंगलवार की शाम भंडारा चल रहा था। गांव निवासी अजय श्रद्धालुओं को खाना परोस रहा था तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। अजय ने विरोध किया तो आरोप है हरिबाबू, रविंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, सोनू, अवधेश उर्फ भूरे उसे जातिसूचक गालियां देते हुए लात-घूंसों से पीटने लगे।
थाना पुलिस ने नहीं की सुनवाई
पिटाई करने के बाद उसे भंडारे से भगा दिया गया। इसकी शिकायत पीड़ित ने थाने में जाकर की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बुधवार की सुबह अजय ने एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। एसपी अशोक कुमार राय के आदेश पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, एससी/एसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सीओ कुरावली संजय कुमार वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सीओ करेंगे जांच
एसपी के आदेश पर थाना औंछा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच सीओ कुरावली संजय कुमार वर्मा को सौंपी गई है। वह जांच रिपोर्ट एसपी को सौपेंगे।