दागदार खाकी: पीड़ित को ही बना दिया मुल्जिम, इंस्पेक्टर व चौकी इंचार्ज निलंबित
आगरा पुलिस ने पीड़ित को ही अपराधी बना दिया। मामला कालिंदी विहार का है। यहां बिल्डिंग मैटेरियल के दुकान मालिक से मारपीट की गई। पीड़ित शिकायत करने थाने पहुंचा तो पुलिस ने उल्टा उसके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया।
विस्तार
आगरा कमिश्नरेट में पुलिस निरंकुश हो चली है। शाहगंज में कारोबारी से जबरन बैनामा कराने की घटना की जांच अभी अधर में है। ट्रांस यमुना में पुलिस ने दुकान खाली कराने का ठेका ले लिया। बिल्डिंग मैटेरियल के दुकान संचालक को बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने पीड़ित के खिलाफ ही जानलेवा हमले व एसिड अटैक का मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरे पक्ष को दुकान पर कब्जा दिला दिया। बाद में पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश और चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह को निलंबित किया। थाने के इंस्पेक्टर क्राइम ब्रजेश कुमार गौतम व छत्रपाल सिंह का भी तबादला किया गया। सुमनेश कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया है।
सौ फुटा कालिंदी विहार निवासी नूरजहां बेगम ने बताया कि पति राज मोहम्मद की मुल्लाजी बिल्डिंग मैटेरियल नाम से दुकान है। यह दुकान समधी ग्यासउद्दीन के प्लाॅट पर है। इसे लेकर विवाद चल रहा था। दो जुलाई की रात इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना आनंद प्रकाश ने पति को थाने बुलाया, धमकाया। बमुश्किल छोड़ा।
तीन जुलाई की शाम वह और पति दुकान पर मौजूद थे। ग्यासउद्दीन पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोग आए। कई लोगों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। आते ही सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। गल्ला लूट लिया। पति पर हमला बोल दिया। विरोध पर उन्हें भी पीटा। पति बेहोश हो गए। उनकी पसलियां टूट गईं। इलाज चल रहा है। हमलावरों ने दुकान पर कब्जा कर लिया। जमीन भले ही ग्यासउद्दीन की है मगर उसमें रखा लाखों रुपये का बिल्डिंग मैटेरियल उनका था। रातों रात दुकान का बोर्ड पोत दिया। शटर बंद कर दीवार बना दी गई।
थाने की पुलिस ने किया खेल
नूरजहां का कहना है कि पति पर हमले का एक राहगीर ने वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल हुआ तो इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना ने भी देखा। उन्हें लगा मामला बिगड़ सकता है। उसी के बाद ग्यासउद्दीन की पत्नी समीना बेगम से एक तहरीर ली। चार जुलाई को राज मोहम्मद उसके बेटे मोहम्मद हबीब और अब्दुल रज्जाक के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, एसिड अटैक, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाने में महिला से मारपीट
राज मोहम्मद की बहू बॉबी बेगम पत्नी अब्दुल रज्जाक ने बताया कि तीन जुलाई की रात वह अपनी सास के साथ दुकान के बाहर बैठी थी। इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना आनंद प्रकाश आए। उन्हें जीप में डालकर ले गए। सास जख्मी थीं। उन्हें मेडिकल के लिए नहीं भेजा। उसके साथ मारपीट की गई। उसके 18 वर्षीय बेटे का 151 में चालान कर दिया।
डकैती, बलवा की धाराओं में मुकदमा
अब सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने दो जुलाई की घटना के संबंध में पीड़िता की तहरीर पर ग्यासउद्दीन सहित 12 नामजद व अन्य अज्ञातों के खिलाफ डकैती, बलवा, मारपीट, जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।