कासगंज: गोशाला में गाय की मौत, गोवंश की दुर्दशा देखकर ग्रामीणों में भड़का आक्रोश, हंगामा
कासगंज जिले की एक गोशाला में गोवंश की मौत होने से ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गोशाल में गोवंश की सही से देखभाल नहीं होता है और न ही चारा मिलता है। भूख से गोवंश की मौत हुई है।
विस्तार
कासगंज जिले के सिढ़पुरा क्षेत्र के बिलौटी रोड स्थित गोशाला में शनिवार सुबह एक गोवंश की मौत हो गई, जबकि चार की हालत गंभीर है। इसकी सूचना पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि गोवंशों को न तो पर्याप्त चारा मिल रहा है और न ही उपचार। सूचना पर पटियाली तहसील क्षेत्र के अधिकारी पहुंचे। हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाया। बीमार गोवंशों का उपचार कराया गया है।
शनिवार की सुबह गांव फतेहपुर कुचरानी सहित आसपास के गांव के लोगों को जानकारी मिली कि बिलौटी के समीप गोशाला में गोवंशों की मौत हो गई है। इस पर ग्रामीण गोशाला पहुंचे। यहां देखा कि चार गोवंश तड़प रहे थे और एक गोवंश की मौत हो चुकी थी। क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश भड़क गया। वे गोशाला पर हंगामा करने लगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गोवंशों को पर्याप्त चारा नहीं मिल रहा है। उपचार नहीं हो रहा। भूख से गोवंशों की मौत हो रही है। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। एसडीएम ने पटियाली तहसीलदार और पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर भेजा। यहां अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया। गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध कराया गया और बीमार गायों का उपचार कराया गया।
कुत्ते नोंच रहे थे शव
कुछ देर बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें मृत गाय के शव को कुत्ते नोंचते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर अन्य तमाम हिंदूवादियों में भी सोशल मीडिया पर आक्रोश देखा गया।
पटियाली के एसडीएम प्रेमनारायण ने बताया कि गोशाला में गोवंश के मरने की सूचना मिली थी। मौके पर राजस्व और पशु चिकित्सा विभाग की टीम को भेजा गया। चारा नगर पंचायत की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। गोशाला से चारा चोरी हो जाता था, इसलिए नगर पंचायत प्रतिदिन अपने गोदाम से चारा भेजती है। चारे की कमी नहीं है। गोवंश की बीमारी से मौत हुई है।
प्रभारी सीवीओ डॉ. एके सागर ने बताया कि गोवंश की मौत कमजोरी के कारण हुई है। कमजोरी के कारण ही चार गोवंश बीमार हैं। प्रतिदिन पशु चिकित्सा विभाग की टीम गोशाला में गोवंशों का परीक्षण कर रही है। वह खुद इसका पर्यवेक्षण करते हैं।
कुचलानी के ग्राम प्रधान जय सिंह ने कहा कि गोशाला में गोवंशों की देखरेख नहीं हो रही है। आए दिन गोवंशों की मौत होती है। पर्याप्त चारा नहीं मिलता। बीमार गोवंशों को उपचार भी नहीं होता। गोवंशों की बेहतर देखरेख होनी चाहिए। बता दें कि गोशाला में करीब 140 गोवंश बताए गए हैं।