UP Chunav 2022: एटा में स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश की तुलना श्रीकृष्ण से की, खुद को बताया अर्जुन
भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एटा की रैली में योगी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों, पिछड़ा वर्ग के लोगों का आरक्षण छीनने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा में सपा नेता और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अखिलेश यादव की तुलना भगवान श्रीकृष्ण और खुद की अर्जुन से कर दी। बोले कि सपा के अखिलेश श्रीकृष्ण और स्वामी प्रसाद अर्जुन की भूमिका में योगी सरकार का सत्यानाश करने आए हैं। 80 और 20 की बात को बंटवारे की नींव बताया, तो गर्मी उतारने वाले बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि हर चरण में जनता इनकी ही गर्मी बारी-बारी से उतार देगी।
एटा विधानसभा क्षेत्र के करतला चौराहा स्थित मैदान और अलीगंज में डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। भाजपा सरकार पर दलित, पिछड़ा वर्ग के लोगों का आरक्षण छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल योगी और दिनेश शर्मा की जाति वालों को ही नौकरी दी जाएगी। इनकी नजर में केवल इनकी जाति वाले लोग ही हिंदू हैं। ये लोग राष्ट्रवाद का नारा देते हैं और देशद्रोह का काम करते हैं।
'सपा गठबंधन की चल रही आंधी'
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सपा गठबंधन की आंधी चल रही है, जिसमें योगी सरकार का सूपड़ा साफ होने जा रहा है योगी सरकार से इस्तीफा देकर भाजपा सरकार के ताबूत में मैंने अंतिम कील ठोंक दी है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि आप जिसे गोमाता कहते हो, उसके लिए चारा, पानी, रहने का ठिकाना नहीं, जो अपनी गोमाता का नहीं हुआ, किसी और का क्या होगा। यही गोमाता 10 मार्च को उन्हें यूपी से खदेड़ देगी।
प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए स्वामी प्रसाद ने कहा कि दोनों देश के संविधान को बदलने की फिराक में हैं। 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में योगी बाबा ने अपनी जाति के लोगों को नियुक्ति पत्र दे दिए। ये आरक्षण पर डकैती डालने का काम कर रहे हैं। पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि नौकरी मांगने वाले नौजवानों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ी हैं। एटा से प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव, अलीगंज प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।