पिछड़ों को साधने की कवायद: डॉ. धर्मवीर ने आज तक नहीं लड़ा चुनाव, भाजपा ने मंत्री बनाकर खेला 'दांव'
पेशे से आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. धर्मवीर प्रजापति ने आज तक नहीं कोई चुनाव नहीं लड़ा है। आठ माह पहले उन्हें एमएलसी बनाया गया है। अब प्रदेश मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बने हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्रज में पिछड़ों को साधने के लिए भाजपा ने आगरा के एमएलसी डॉ. धर्मवीर प्रजापति को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बनाया है। अब प्रदेश के मंत्रिमंडल में आगरा से तीन राज्यमंत्री हो गए हैं। डॉ. धर्मवीर को आठ माह पहले ही विधान परिषद सदस्य बनाया गया था। हालांकि धर्मवीर ने आज तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है।
पेशे से आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. धर्मवीर प्रजापति हाथरस के बहरदोई के मूल निवासी हैं, लेकिन लंबे समय तक खंदौली के गांव हाजीपुर खेड़ा में रहने के बाद अब आगरा में रहते हैं। भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं। उन्हें पार्टी ने पहली बार वर्ष 2002 में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा था।
संगठन में प्रदेश मंत्री भी रहे
इसके बाद 2013 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और फिर महेंद्रनाथ पांडेय के कार्यकाल में भी वह प्रदेश मंत्री रहे। वर्ष प्रदेश की योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड का गठन किया। डॉ. धर्मवीर को इसका अध्यक्ष बनाया गया। जनवरी 2021 में उन्हें प्रदेश सरकार ने विधान परिषद सदस्य बनाया।
अब उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करना पिछड़े वर्ग को साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। इसके पहले फतेहपुरसीकरी से विधायक चौधरी उदयभान सिंह को भी पिछड़े वर्ग के कोटे से राज्य मंत्री बनाया जा चुका है। डॉ. धर्मवीर ने करीब 20 साल के राजनीतिक कैरियर में कभी चुनाव नहीं लड़ा है।
अयोध्या के दीपोत्सव में भिजवाए थे दीपक
माटी कला बोर्ड का अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. धर्मवीर प्रजापति ने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए बड़े पैमाने पर डिजाइनर दीपकों की व्यवस्था की थी। आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कन्नौज तक से उन्होंने दीपक तैयार करवाकर दीपोत्सव कार्यक्रम में भिजवाए थे। इसके बाद से ही वह नेतृत्व की नजर में आ गए। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने कुंभकारों को इलेक्ट्रिक चाक दिए, योजनाओं का लाभ भी दिलाया।
ताजनगरी की जनता ने भाजपा को सिर माथे पर बैठाया तो भाजपा ने भी यहां के जनप्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने में कसर नहीं छोड़ी है।
- आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री बनाया गया है।
- प्रदेश में दलित समाज के डॉ. जीएस धर्मेश, चौधरी उदयभान सिंह के बाद अब डॉ. धर्मवीर को राज्य मंत्री बनाया गया है।
- फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
- आगरा के ही हरद्वार दुबे राज्यसभा सांसद बनाए गए हैं।
- भाजपा नेता डॉ. रामबाबू हरित को प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया जा चुका है।
- भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अशफाक सैफी को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया जा चुका है।
- उत्तराखंड की राज्यपाल से त्यागपत्र देने वाली बेबीरानी मौर्य को एमएलसी बनाया जा रहा है।