UP Board Exam 2023: एसटीएफ करेगी निगरानी, आदेश जारी, गड़बड़ी करने पर सीधे लगेगा रासुका
आगरा में गुरुवार से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसके लिए 163 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर 126536 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
विस्तार
सूबे में यूपी बोर्ड की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो रही हैं। इसी कड़ी में आगरा में भी 163 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित होंगी। पहली बार परीक्षा की निगरानी एसटीएफ करेगी। इसके लिए शासन से निर्देश भी आ गए हैं। परीक्षा में गड़बड़ी करने पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई होगी।
डीआईओएस मनोज कुमार ने बताया कि 905 स्कूलों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 1.26 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। नकल और पेपर लीक समेत अन्य शुचिता भंग करने पर रासुका के तहत मुकदमा लिखवाएंगे। परीक्षा में चार सचल दल और 188 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगी है।
शिक्षा माफिया पर एसटीएफ की नजर
परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले शिक्षा माफिया पर एसटीएफ नजर रखेगी। सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र समेत अन्य परीक्षा सामग्री उपलब्ध करा दी है। नियंत्रण कक्ष से सीसी टीवी कैमरे से सभी केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर सचल दल भेजेंगे, रिपोर्ट भी बनाई जाएगी।
60 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी हटाई
परीक्षा के लिए लगाए गए 163 स्टेटिक मजिस्ट्रेट में से 60 की ड्यूटी हटाकर उनके स्थान पर नए को लगाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि पीडब्ल्यूडी, पशुधन प्रसार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी विभाग, गंभीर रोगी और मेटरनिटी अवकाश वाली अधिकारी रहे। इनकी संख्या करीब 60 है, इनके स्थान पर अन्य की नियुक्ति कर दी है।
स्कूल के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई
उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महेशकांत शर्मा का कहना है कि यूपी बोर्ड परीक्षा में 30 अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल के सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी है, इससे स्कूल में शैक्षणिक कार्य बंद हो जाएगा। इनमें छूट देने के लिए बीएसए से मांग की है।
अन्य आवश्यक जानकारी
- 163 : केंद्र
- 126536 : विद्यार्थी देंगे परीक्षा
- 67185 : विद्यार्थी हाईस्कूल में
- 59351 : विद्यार्थी इंटरमीडिएट में
- 4889 : कक्ष निरीक्षक देंगे ड्यूटी
- 188 : मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
- नियंत्रण कक्ष का नंबर : 0562-2210278
पहले दिन की परीक्षा
- हाईस्कूल - हिंदी, प्रारंभिक हिंदी
- इंटरमीडिएट - सैन्य विज्ञान, हिंदी, सामान्य हिंदी