मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल उर्दू और गुजराती और इंटरमीडिएट उर्दू की परीक्षा आयोजित की गई। शाम की पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान, नागरिक शास्त्र और भूगोल की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए जिलाधिकारी सहित सभी मजिस्ट्रेट भ्रमण पर रहे।
प्रथम पाली में आयोजित हाईस्कूल उर्दू की परीक्षा में पंजीकृत 50 में से सभी परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि गुजराती विषय में पंजीकृत एक परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। सुबह की पाली में ही इंटरमीडिएट उर्दू की परीक्षा में पंजीकृत 32 में से 28 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शाम की पाली में इंटरमीडिएट की रसायन विज्ञान, नागरिक शास्त्र व भूगोल विषय की परीक्षा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी सहित सभी मजिस्ट्रेट भ्रमण पर रहे। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि परीक्षा की सुचिता को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी, सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल की शिकायत संज्ञान में न आए। कोई भी परीक्षार्थी अनुचित सामग्री का प्रयोग न कर सके। इस बीच अधिकारियों ने कंट्रोल रूप में बैठकर सीसीटीवी के जरिए भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की।