आगरा मेट्रो: ताज पूर्वी गेट से बसई स्टेशन के बीच रखे जा रहे यू गर्डर, अब तक 15 रखे गए
फतेहाबाद रोड पर तैयार किए जा रहे प्राथमिक कॉरिडोर में 196 यू गर्डर रखे जाएंगे। 28 मीटर लंबे गर्डर का वजन 150 टन है। अब तक 15 यू गर्डर रखे जा चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा मेट्रो के ताजपूर्वी गेट से बसई स्टेशन के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए यू गर्डर रखे जा रहे हैं। रविवार तक 15 यू गर्डर रखे जा चुके हैं। कास्टिंग यार्ड में 44 यू गर्डर प्री कास्ट हो चुके हैं। ताजपूर्वी गेट मेट्रो स्टेशन के डेड एंड से फतेहाबाद रोड स्टेशन तक 196 गर्डर रखे जाएंगे। इनके ऊपर एलिवेटेड ट्रैक बनेगा।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने 12 नवंबर को यू गर्डर कार्य का शिलान्यास फतेहाबाद रोड पर किया था। तब 24 घंटे में चार यू गर्डर रखे गए थे। इसके बाद ताजपूर्वी गेट मेट्रो स्टेशन से बसई स्टेशन के बीच काम शुरू हुआ।
परियोजना निदेशक अरविंद राय के मुताबिक रविवार तक 15 गर्डर रखे जा चुके हैं। एक यू गर्डर की लंबाई 28 मीटर व वजन 150 टन है। जिन्हें एक हजार टन क्षमता की क्रेन मशीनों की मदद से पिलर के ऊपर रखा जा रहा है। इससे पहले तीनों मेट्रो स्टेशन के लिए टी-गर्डर से प्लेटफार्म लेवल तैयार किया गया था।
सर्विस लेन में चल रहा ट्रैफिक
फतेहाबाद रोड पर चल रहे मेट्रो कार्य के दौरान ट्रैफिक सर्विस लेन में डायवर्ट है। टीडीआई मॉल के सामने रास्ता बंद है। फतेहाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को कलाकृति चौराहा होकर सेल्फी प्वाइंट के मोड़ से गुजारा जा रहा है। इधर, बसई चौकी के सामने भी ट्रैफिक डायवर्जन होने से भारी वाहन सर्विस लेन पर चल रहे हैं।
टेंडर की दौड़ में सात कंपनियां
परियोजना निदेशक अरविंद राय ने बताया कि सात भूमिगत मेट्रो स्टेशन की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सात कंपनियों ने टेंडर पास किए हैं। इन कंपनियों के दस्तावेजों की तकनीकी जांच चल रही है। इसके बाद कंपनियों की वित्तीय जांच होगी। सबसे कम बोली लगाने वाली फर्म को काम मिलेगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लग सकता है।