फिरोजाबाद: हिस्ट्रीशीटर नकुल और उसका साथी पौने चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार, 48 मुकदमे हैं दर्ज
हिस्ट्रीशीटर नकुल के खिलाफ फिरोजाबाद-आगरा समेत अन्य जिलों में 48 मुकदमे दर्ज हैं। इसके दोनों भाई सोनू-मोनू भी कुख्यात हैं। ये गैंग बनाकर वारदात करते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद में पुलिस ने कई आपराधिक वारदात को अंजाम देने वाले हिस्ट्रीशीटर नकुल यादव और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से पौने चार किलो चरस और लूट की बाइक भी बरामद हुई है। नकुल के खिलाफ फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा सहित अन्य जनपदों में करीब 48 मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि रविवार रात उत्तर थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने मुखबिर की सूचना पर नकुल यादव और उसके साथी राजू उर्फ राजू कांटे वाले को ककरऊ कोठी चौराहा के समीप से गिरफ्तार किया गया। नकुल राम किशन नगर जलेसर रोड थाना उत्तर क्षेत्र का रहने वाला है। जबकि राजू टापाकलां थाना उत्तर का रहने वाला है।
लूट की बाइक बरामद
पकड़े गए बदमाशों के पास से आगरा से लूटी गई बाइक के साथ पौने चार किलो चरस भी बरामद हुई है। नकुल के खिलाफ आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा व अन्य जनपदों में लूट, हत्या, छिनैती के साथ अन्य धाराओं में 48 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार नकुल के भाई सोनू और मोनू भी कुख्यात अपराधी हैं। सोनू मोनू के नाम से इनका गैंग फिरोजाबाद और आगरा में भी चर्चित है।
एसपी सिटी ने बताया कि 18 जनवरी को नकुल, स्वेता, नीरज और मोनू ने मनीष उर्फ काला पर फायरिंग की थी। जिसमें मनीष बाल-बाल बच गया था। जिसका मुकदमा थाना उत्तर पुलिस ने दर्ज किया था। उपनिरीक्षक विकल सिंह ने स्वेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे थे। राजू भी हिस्ट्रीशीटर अपराधी है उस पर भी 18 मुकदमे दर्ज हैं।
16 पुलिसकर्मी भी नहीं पकड़ पाए थे मोनू को
फिरोजाबाद पुलिस के लिए सोनू-मोनू का गैंग कई बार चुनौती बना। सोनू-मोनू के साथ नकुल भी लूट, अपहरण और फायरिंग के मामले में कई बार जेल जा चुका है। चार साल पूर्व नकुल की गिरफ्तारी को दबिश देने मोहल्ला रामकिशन पहुंची पुलिस पर नकुल के भाई मोनू ने छत से पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।
मोनू ने तमंचा लेकर पुलिस को काफी देकर तक छकाया था जबकि इस दौरान करीब 16 पुलिसकर्मी रायफलों के साथ गली में घेराबंदी किए हुए थे। फिर भी मोनू फायरिंग करते हुए पुलिस को चकमा देकर छत से कूदकर भाग गया था।