यमुना एक्सप्रेसवे पर मुठभेड़: बागड़िया गैंग का सरगना शकील साथी सहित गिरफ्तार, गोली लगने से दोनों घायल
एसपी देहात श्रीचंद ने बताया कि मुठभेड़ में बावरिया एवं बागड़िया गैंग के सरगना शकील निवासी फारुख नगर जिला गाजियाबाद और राजू उर्फ मोहम्मद अली उर्फ आलम निवासी कटियार (बिहार) पकड़े गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा जिले में सोमवार रात को थाना नौहझील पुलिस की यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक मौका पाकर फरार हो गया। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे दो तमंचा, चार कारतूस बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम पुलिस टीम के साथ एक करोड़ की लूट में वांछितों की तलाश में गश्त पर थे। पुलिस के अनुसार देर रात 12 बजे एक्सप्रेसवे की ओर गए, तभी माइल स्टोन-68 के निकट संदिग्ध अवस्था में नजर आ रहे बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया तो वह पुलिस को देख भागने लगे।
पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए बदमाशों पर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि एक बदमाश बाइक लेकर भाग गया। घायल बदमाशों को उपचार को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
बिहार का रहने वाला है एक बदमाश
एसपी देहात श्रीचंद ने बताया कि मुठभेड़ में बागड़िया गैंग के सरगना शकील निवासी फारुख नगर जिला गाजियाबाद और राजू उर्फ मोहम्मद अली उर्फ आलम निवासी कटियार (बिहार) पकड़े गए हैं। ये दोनों नौहझील क्षेत्र में गैस एजेंसी के गोदाम से सिलिंडर चोरी के मामले में वांछित थे।
दोनों बदमाशों पर मथुरा पुलिस की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में पता चला है कि इस गैंग की एक महिला सहित 10 लोगों ने कस्बा नौहझील क्षेत्र में घटित हुईं चोरी और लूट की तीन वारदात को अंजाम दिया था।
पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर 138 सिलिंडर, 32000 रुपये नकद, 12 बोरी सरसों के अलावा वारदात में प्रयुक्त होने वाले मिनी ट्रक और हथियार बरामद हुए हैं। इसके अलावा इन पर हरियाणा राजस्थान, यूपी दिल्ली आदि प्रदेशों में भी मुकदमे हैं।