Mathura: 'अग्निपथ' के विरोध में आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव के मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में 17 जून को अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन करने वालों ने जमकर उत्पात किया था। इस मामले में पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
विस्तार
मथुरा में अग्निपथ योजना के विरोध में हाईवे के एटीवी और भरतपुर रोड पर हुई आगजनी, तोड़फोड़, पथराव के मामले में मास्टरमाइंड समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मास्टरमाइंड ने 17 जून को व्हाट्सएप ग्रुप पर युवाओं को नरहौली पुल के पास आठ बजे एकत्रित होने को कहा था। पुलिस को उसके मोबाइल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। अब पुलिस उसके मोबाइल के आधार पर उपद्रवियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जिले में 17 जून को अग्निपथ योजना के विरोध में सड़क पर उतरे युवाओं ने जमकर उत्पात मचाया था। एटीवी पर प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज बस और निजी वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की थी। भरतपुर रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस में आग लगा दी थी। थाना हाईवे पुलिस ने 500 अज्ञातों और हरियाणा रोडवेज बस के चालक ने भी 200 अज्ञातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
35 उपद्रवियों को भेजा जेल
हाईवे पुलिस ने 35 उपद्रवियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। पुलिस लगातार लोगों से संवाद करते हुए मास्टरमाइंड की तलाश कर रही थी। आखिरकार रविवार को पुलिस को कामयाबी मिल गई, जबकि ग्रुप एडमिन और मास्टरमाइंड समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि मास्टरमाइंड हरिओम और अभिषेक निवासी राया को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। ग्रुप एडमिन और मास्टरमाइंड ने व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 17 जून को सुबह 8 बजे नरहौली पुल के पास युवाओं से आह्वान किया था। मास्टरमाइंड के मोबाइल के माध्यम से भी अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।